मध्यप्रदेश में पत्रकारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेट मीडिया सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। सीएम श्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार 3 अक्टूबर को मालवीय नगर भोपाल में स्टेट मीडिया सेंटर के लिए भूमि पूजन किया। इस अवसर पर जनसंपर्क मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ला, आयुक्त जनसंपर्क श्री मनीष सिंह उपस्थित थे।
स्टेट मीडिया सेंटर का निर्माण 28 करोड रुपए की लागत से होगा यह सर्व सुविधा युक्त मीडिया सेंटर होगा। सीएम श्री चौहान ने मुख्यमंत्री निवास में 7 सितंबर को हुए राज्य स्त्रीय पत्रकार समागम में स्टेट मीडिया सेंटर के निर्माण की घोषणा की थी। राजधानी भोपाल में प्रदेश के पत्रकारों के लिए ये सर्व सुविधायुक्त स्टेट मीडिया सेंटर बनाया जा रहा है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने विधिवत रूप से पूजा-पाठ करके स्टेट मीडिया सेंटर का शिलान्यास किया।
मीडिया सेंटर का निर्माण 66,981 वर्ग फीट क्षेत्र में किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के तहत पत्रकारों के लिए आधुनिक एवं सुविधाजनक व्यवस्थाएं इस मीडिया सेंटर में की जा रही हैं।
इस मौके पर बोलते हुए सीएम शिवराज ने कहा, स्टेट मीडिया सेंटर के शिलान्यास के अवसर पर मैं आप सबका हृदय से स्वागत और अभिनंदन करता हूं। कहने की ताकत, लिखने की हिम्मत, सुनने का संस्कार, प्रलय में प्रचंड और आपदा में चट्टान जैसा स्वीकार होना; व्यक्तित्व में जितना जरूरी है अच्छे व्यवहार का होना; समाज में उतना ही जरूरी है पत्रकार का होना।
सीएम ने आगे कहा, पत्रकार और पत्रकारिता लोकतंत्र के प्राण हैं... आज सिर्फ स्टेट मीडिया सेंटर का भूमिपूजन नहीं हो रहा है, बल्कि मैं भविष्य के ऐसे वट वृक्ष का बीज रोप रहा हूं, जिसमें अनुभव की शाखाओं पर अनंत आशाएं साकार होंगी।
सीएम शिवराज ने छोटे अखबारों को एक माह के अंतराल से विज्ञापन देने की घोषणा की साथ ही 70 की उम्र पार कर चुके पत्रकारों को स्थाई अधिमान्यता देने की भी बात कही।
सीएम ने आगे कहा, पत्रकार समाज और सरकार के मध्य सेतु होते हैं। आपकी आत्मा में सूचना और संस्कार बसता है। पत्रकारों की कलम ने परतंत्रता की बेड़ियां तोड़ दीं, समाज की कुरीतियों की कड़ियां तोड़ दीं। आज के भारत के निर्माण में भी पत्रकारों का योगदान नकारा नहीं जा सकता।
इस मीडिया सेंटर में एक एक्जीविशन हॉल, ऑर्ट गैलरी, ऑडिटोरियम, प्रेस कॉन्फ्रेंस कक्ष, बेंक्वेट हॉल, बैडमिंटन कोर्ट, रेस्टोरेंट, लाइब्रेरी, मल्टी मीडिया रूम, जिमनेजियम, इंडोर गेम हॉल, और पत्रकारों के लिए वर्क स्पेस शामिल होंगे।
इस परियोजना के तहत पत्रकारों को एक आधुनिक एवं सुविधाजनक मीडिया सेंटर मिलेगा, जिसके तहत उन्हें अत्याधुनिक संसाधनों का समुचित उपयोग करने का अवसर मिलेगा। इस मीडिया सेंटर के निर्माण की चर्चा काफी समय से चल रही थी, लेकिन अब इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। यह स्थान पत्रकारों के लिए महत्वपूर्ण होगा और उनके काम को और अधिक सुविधाजनक बनाएगा।
यह मीडिया सेंटर पत्रकारों के बीच गतिविधियों के केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जो पत्रकारिता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। राज्य मीडिया सेंटर के निर्माण से पत्रकारों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनका कार्य और अधिक प्रभावी होगा तथा पत्रकारों को बेहतर वातावरण मिलेगा।