मध्यप्रदेश के उज्जैन में नाबालिग लड़की से हुई दरिंदगी की घटना के मुख्य आरोपी ऑटो ड्राइवर भरत सोनी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ऑटो चालक ने अपने ऑटो के अंदर मौजूद सबूतों और ऑटो की नंबर प्लेट के साथ भी छेड़छाड़ की है। अब इस मामले में आरोपी भरत सोनी के पिता का भी बयान सामने आया है।
नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोपी भरत सोनी के पिता ने कहा कि आरोपी को जीने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि उसे पकड़ना नहीं चाहिए था, जेल क्यों ले गए वहीं गोली मार देनी चाहिए थी। अगर उस बच्ची की जगह मेरी बच्ची होती तो मैं यही कहता।
पिता ने आरोपी की मां को समझाया कि हमारा बेटा हमारे लिए मर गया। उन्होंने कहा कि हमारे घर में भी दो बहुएं हैं। वह उनके साथ भी गंदा काम भी कर सकता है। उसने बहुत गंदा काम किया है।'
आरोपी के पिता ने आगे कहा, उन्हें बहुत शर्मिंदगी महसूस हो रही है। उनके बेटे ने बहुत बुरा काम किया और उन्हें कहीं का नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि उनके एक बेटे की मौत हो गई है। ऑटो की किश्तें भरनी थीं, इसलिए उसने आरोपी भरत से ऑटो चलाने को कहा। उन्होंने कहा, “मैं बहुत दुखी हूं, मैं क्या करूं, मैं मर जाऊंगा। मेरी पत्नी भी मर जाएगी। हमें घर के बाहर बैठने में शर्म आती है।”