भारत जोड़ो यात्रा उज्जैन जिले की सीमा से आगे बढ़ गई है। यात्रा में गुरुवार को सुबह राहुल गांधी के साथ एक्ट्रेस स्वरा भास्कर भी शामिल हुईं। स्वरा भास्कर के भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने को लेकर अब मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कटाक्ष किया है।
उन्होंने कहा कि ये वही स्वरा भास्कर हैं, जो सेना के विरोध में बोलने वाली ऋचा चड्ढा का बचाव करते नज़र आई थीं। ये वही स्वरा भास्कर हैं, जो सेना के मॉब लिंचिंग, हारर किलिंग, पाकिस्तान के समर्थन में तारीफें करती थी।
उन्होंने राहुल गांधी से भी सवाल किया कहा कि कन्हैया कुमार, सुशांत सिंह, स्वरा भास्कर यहां तक कि पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वाली बच्ची तक आपकी यात्रा में शामिल थी। गृहमंत्री ने कहा कि ये सभी राष्ट्र विरोधी मानसिकता का समर्थन करने वाले टुकड़े-टुकड़े गैंग के लोग हैं, तो क्या आपको इन्हें अपनी यात्रा में शामिल करना चाहिए। इसके बाद उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा को भारत तोड़ने वालों का समर्थन करने वाली यात्रा तक करार दे दिया।
गुरुवार को यात्रा का 83वां दिन है। अब तक भारत जोड़ो यात्रा 36 जिलों से होकर गुजरी है। अब श्रीनगर पहुंचने के लिए 1209 किमी की दूरी तय करनी बाकी है। यात्रा ने 23 नवंबर को मध्य प्रदेश में प्रवेश किया। गुरुवार को प्रदेश में यात्रा का नौवां दिन है। यात्रा 4 दिसंबर को आगर मालवा से राजस्थान सीमा में प्रवेश करेगी।