मप्र में दो दिनों से बने बारिश के सिस्टम से आज फिर भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, रीवा संभाग के साथ कटनी, जबलपुर, पन्ना, सागर और छतरपुर में तेज आंधी के साथ ओले गिर सकते हैं। इसके साथ ही, ग्वालियर, सागर - शहडोल में बारिश के भी आसार हैं। हवा की रफ्तार 40 से 60 किमी प्रतिघंटा रह सकती है। आकाशीय बिजली के चमकने और गिरने की भी आशंका है। उज्जैन के साथ दमोह के पथरिया और देवास में बूंदाबांदी चल रही है।

प्रदेश में मौसम का मिजाज 19 मार्च तक बदला रहेगा। पिछले दो दिन से भोपाल, इंदौर, सीहोर, खरगोन, नर्मदापुरम, बड़वानी, देवास, बुरहानपुर, शिवपुरी, बैतूल, रायसेन, ग्वालियर, भिंड, खंडवा, हरदा, मुरैना, उज्जैन, धार, छिंदवाड़ा, अनूपपुर, डिंडौरी, दमोह, सिवनी, कटनी, बालाघाट, नरसिंहपुर, रीवा और सागर में बारिश का दौर जारी है। 

इसलिए बदला मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर भारत में एक विक्षोभ सक्रिय है, जो काफी मजबूत है। इसी के प्रभाव से एक प्रेरित चक्रवात साउथ-ईस्ट राजस्थान में 14 मार्च से बना हुआ है। इससे प्रदेश में मौसम बदल गया है। 16 मार्च से फिर एक पश्चिमी विक्षोभ बन गया है। दक्षिण-पूर्वी हवाएं बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी लेकर आ रही है। इन दोनों के मिश्रण से प्रदेश में बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी का असर है।

26 जिलों में बारिश दर्ज

मध्यप्रदेश के 26 जिलों में पिछले 24 घंटे में बारिश हुई। कहीं तेज तो कहीं बूंदाबांदी हुई। वहीं, ओलावृष्टि भी हुई। इसके अलावा आंधी भी चली। सागर में आंधी की रफ्तार 76 किलोमीटर प्रतिघंटा रही कल 18 और 19 मार्च को भी भोपाल, इंदौर, उज्जैन और चंबल संभाग में मौसम बदला सा रहेगा। तेज आंधी और बिजली चमकने- गरजने की संभावना भी है।