कोहेफिजा थाने में पदस्थ एक आरक्षक का मंगलवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह रात के समय युवती के साथ झूमाझटकी करते हुए दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सोमवार की रात हनुमानगंज थाना अंतर्गत इसरानी मार्केट के आसपास का बताया गया है।

वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों ने आरक्षक को तलब किया तो उसने युवती को अपना दोस्त बताया। युवती ने भी इस मामले में किसी प्रकार की शिकायत नहीं की, लेकिन वर्दी में ऐसी हरकत करने पर आरक्षक को थाने से हटाकर डीसीपी कार्यालय में अटैच किया गया है।

दरअसल मंगलवार दोपहर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में बाइक पर बैठा एक आरक्षक युवती का हाथ पकड़ कर उसे जबरन बाइक बिठाने की कोशिश करता दिखाई दिया, जबकि युवती उसकी बाइक पर बैठना नहीं चाहती थी।

यह वीडियो सोमवार की रात हनुमानगंज इलाके होना बताया गया था। मामला अधिकारियों तक पहुंचा तो डीसीपी जोन क्रमांक-3 रियाज इकबाल ने संज्ञान लिया। इस दौरान पता चला कि वीडियो में दिखाई देने वाला आरक्षक पुष्पेंद्र सिंह कोहेफिजा थाने में पदस्थ है और जिस युवती से वह झूमाझटकी कर रहा था, वह उसकी दोस्त है।

आरक्षक ने अधिकारियों को बताया कि उसकी दोस्त रात के समय अकेली घूम रही थी, इसलिए वह उसे बाइक से घर छोड़ने का बोल रहा था। उसने युवती के साथ किसी प्रकार की अभद्रता नहीं की है। अधिकारियों ने युवती को तलब किया तो उसने किसी प्रकार की शिकायत करने से इंकार कर दिया। आरक्षक ने यह हरकत कर वर्दी में की थी, इसलिए डीसीपी ने उसे थाने से हटाकर कार्यालय में अटैच कर दिया है।