मप्र में विधानसभा चुनाव को लेकर मानसून के दौरान चल रही सियासी हवाओं का रुख अब सागर की तरफ है। यहां 12 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभा करने आ रहे हैं, हाल के शहडोल दौरे के बाद भाजपा की नजर अब सागर के जरिये दलित समाज पर है। मोदी का दौरा सामने आने के पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का 13 अगस्त का सागर दौरा तय हुआ था, वे भी यहां कमोबेश उसी उदेश्य से आ रहे हैं। इस बीच आज सुबह खड्गे ने ट्वीट किया है तथा छतरपुर में दलित के चेहरे और शरीर पर मानव मल मलने की घटना पर मध्यप्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने लिखा- मप्र में एक महीने में ही दलित- आदिवासी अत्याचार की दूसरी बेहद निंदनीय व पीड़ादायक वारदात हुई है, जो मानवता को शर्मसार कर देने वाली है।
दरअसल छतरपुर की घटना 21 जुलाई दोपहर की है। खबरों के मुताबिक महाराजपुर इलाके के डिकौ गांव में ग्राम पंचायत का काम चल रहा था। पीरित देशराज अहिरवार यहां मजदूरी कर रहा था। उसका आरोप है कि काम के दौरान सीमेंट उड़कर रामकृपाल पटेल पर चला गया। नाराज होकर उसने मारपीट की। बाद में लौटे में मल लाकर चेहरे और शरीर पर मल दिया। महाराजपुर थाने की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
खड़गे ने दिया एनसीआरबी की रिपोर्ट का हवाला
एनसीआरबी रिपोर्ट का हवाला देते हुए लिखा- 'भाजपा शासित मध्यप्रदेश में दलितों के खिलाफ अपराधों का रेट सबसे ज्यादा है। आदिवासियों के खिलाफ सबसे अधिक अपराध हुए हैं। मप्र में हमारे दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग के नागरिक दशकों से भाजपाई कुशासन में अपमान का घूंट पी रहे हैं।' खड़गे ने लिखा है कि 'भाजपा का, सबका साथ' केवल विज्ञापनों में सिमटकर एक दिखावटी नारा बनकर रह गया है। भाजपा हर दिन बाबासाहेब अंबेडकर के सामाजिक न्याय के सपने को चूर-चूर कर रही है। हम मांग करते हैं कि छतरपुर जिले की इस घटना पर कठोर से कठोर कार्रवाई हो।'
सागर की घटना से कांग्रेस हुई थी सक्रिय
दरअसल पिछले महीने सागर में दलित-कमजोर वर्ग के मकान तोड़े जाने की घटना काफी सुख हुई थी । दिग्विजय सिंह ने इसे लेकर भाजपा नेताओं पर आरोप लगाये थे और पीड़ितों से मिलने पहुंचे थे। इसके बाद प्रियंका गांधी ने भी उस मामले में ट्वीट करके मप्र की भाजपा सरकार को घेरा था। अब भाजपा ने यहां सौ करोड़ की लागत से संत रविदास का मंदिर बनाने का ऐलान किया है और इसी कार्यक्रम से पहले यानि कल से सभी जिलों से संत रविदास यात्रा की शुरूआत हो रही है, जो 12 अगस्त को सागर पहुंचेगी।