बड़वानी: सतपुड़ा के जंगलों में लगी आग से शिखरधाम भीलटदेव के जंगल को भी चपेट में ले लिया। दूर तक आग का धुआं दिखाई दे रहा है। जानकारी के अनुसार शिखरधाम के जंगल के आधे से अधिक पेड़ आग से झुलस गए हैं। आग के दायरे ने बढ़ते हुए शिखरधाम के संत निवास व भोजन शाला को भी अपनी चपेट में लिया। घटना में जन धन हानि के समाचार नहीं है। आग आसपास के जंगलों में दो दिन से लगी है। वहीं ग्रामीणों में ऐसी चर्चा चल रही है कि आग लगाई गई है। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हुए।
मंदिर समिति के अध्यक्ष दिनेश यादव ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए मंदिर समिति के सदस्य आसपास के ग्रामीण जुटे रहकर पानी का छिड़काव करते रहे। मामले की सूचना नागलवाड़ी पुलिस को दी गई। पुलिस बल ने भी भरकस प्रयास किया मौके पर सेंधवा का दमकल भी पहुंचा। समाचार लिखे जाने तक जंगलों से धुआं उठता रहा। फिलहाल शिखरधाम के रास्ते को दर्शनार्थियों के लिए बंद कर दिया गया है। घटना गुरुवार दोपहर की है।
ट्रेंचिंग ग्राउंड में कचरे के पहाड़ में लगी आग
गर्मी बढ़ने के साथ ही आग लगने की घटनाएं बढ़ने लगी है। गुरुवार दोपहर शहर के बड़गांव स्थित नगर पालिका के ट्रेंचिंग ग्राउंड में भीषण आग लग गई। इस दौरान हवा के साथ कचरे के पहाड़ी में तेजी से पॉलीथीन और अन्य कचरा दहकने लगा। धुआं उठते ही ट्रेंचिंग ग्राउंड स्टाफ सहित नपा के टेंकर और फायर वाहनों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। कैलाश नगर, मदीना नगर से सटी बाउंड्रीवाल की ओर आग लगने से दोनों ओर से पानी का छिड़काव किया गया।