महाकाल की सवारी में शामिल भक्तों पर थूकने का वीडियो सामने आने के बाद सरकार और प्रशासन सख्त दिखाई दे रहा है। अब इस मामले में तीनों आरोपियों के घर अतिक्रमण को लेकर बुलडोज़र चलाया गया है। पुलिस तीन संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में पहले ही ले चुकी है।
ढोल-नगाड़ों साथ प्रशासन की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची। कार्रवाई से पहले बड़ी संख्या में पुलिस बल इलाके में तैनात किए गए है। बता दें, तीन आरोपियों में से दो नाबालिग है जिन्होंने भक्तों के ऊपर थूका था। तीनों को अदालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
उज्जैन शहर के खरकुवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत टैंक चौराहा के पास सावन के दूसरे सोमवार को निकलने वाली बाबा महाकाल की सवारी में शामिल श्रद्धालुओं पर थूकने का मामला सामने आया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ असामाजिक तत्व छतों और बालकनियों पर खड़े होकर श्रद्धालुओं पर पानी पीने के बाद थूकते और कुल्ला करते दिखाई दे रहे हैं।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद बजरंग दल और इंदौर से पहुंचे कार्यकर्ताओं और भाजपा नेताओं ने थाने में हंगामा किया। वहीं मामले को देखते हुए पुलिस ने तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
घटनास्थल पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी का कहना है, कि 17 जुलाई की शाम करीब 6.30 बजे श्रावण महाकाल बाबा की सवारी देखने निकले थे। सवारी देखने के लिए वह टैंक चौराहे पर खड़े थे। इस दौरान उनके साथ उनकी दोस्त भी मौजूद थी। जैसे ही महाकाल बाबा की सवारी टंकी चाररास्ता के पास पहुंची, सुपर गोल्ड बेकरी के पास वाली बिल्डिंग की छत पर खड़े तीन अज्ञात लड़कों ने बाबा की पालकी पर थूकना शुरू कर दिया।
पूरे मामले की पुष्टि उज्जैन एएसपी आकाश भूरिया ने की। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया। बाकी की तलाश जारी है। अज्ञात के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, दंगा भड़काने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। संदिग्धों से पूछताछ और जांच जारी है। अज्ञात आरोपियों पर धारा 295-ए, 153-ए, 296 और 505 लगाई गई है।