मध्यप्रदेश के शहडोल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों पर कड़ा हमला किया है। पीएम मोदी ने कहा कि  वो झूठी गारंटी दे रहे हैं, वो एक दूसरे को पानी पी पीकर गाली देते थे अब एकजुट होने की गारंटी दे रहे हैं। वो सत्तर सालों में ग़रीबी नहीं हटा पाये अब ख़ुशहाली की गारंटी दे रहे हैं, इस गारंटी से जनता बचकर रहे।

पीएम मोदी ने कहा कि गारंटी की इस चर्चा के बीच आपको झूठी गारंटी देने वालों से भी सावधान रहना है और जिन लोगों की अपनी कोई गारंटी नहीं है, वो आपके पास गारंटी वाली नई-नई स्कीम लेकर आ रहे हैं। उनकी गारंटी में छिपे खोट को पहचान लीजिए, झूठी गारंटी के नाम पर चल रहे उनके धोखे के खेल को भांप लीजिए।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक जुलाई को शहडोल जिले में राष्ट्रीय स्तर पर सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन की लाँचिंग और पीवीसी आयुष्मान कार्डों के वितरण का शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज शहडोल की इस धरती पर देश बहुत बड़ा संकल्प ले रहा है। ये संकल्प हमारे देश के आदिवासी भाई-बहनों के जीवन को सुरक्षित बनाने का संकल्प है। ये संकल्प है सिकल सेल एनीमिया की बीमारी से मुक्ति का है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आदिवासी बहनों-भाइयों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मध्य प्रदेश के शहडोल में 'सिकल सेल एनीमिया मुक्ति मिशन' के शुभारंभ से उनके जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव आएगा।