कोविड के नए वैरिएंट BF.7 के लगातार बढ़ रहे विश्वव्यापी खतरे को देखते हुए सरकार सतर्क है। पूरे देश में आज वैरिएंट BF.7 से निपटने के लिए मॉकड्रिल हो रही है। मध्यप्रदेश में भी मॉकड्रिल के तहत स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता, आइसोलेशन बेड कैपेसिटी, ऑक्सीजन फैसिलिटी वाले बेड, आईसीयू बेड और वेंटिलेटर बेड की उपलब्धता को परखा जा रहा है।
भोपाल में चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने गांधी मेडिकल कॉलेज स्थित ऑक्सीजन प्लांट की मॉक ड्रिल का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मंत्री सारंग ने कहा कि कोविड 19 को लेकर स्थिति चिंताजनक नहीं है, लेकिन हमें सावधान रहने की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। ऑक्सीजन प्लांट की 24 घंटे जीपीएस के माध्यम से मॉनिटरिंग की जा रही है। मंत्री सारंग ने प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा कि आप कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें और अपने साथ-साथ अपने परिवार को भी सुरक्षित रखें।
गांधी मेडिकल कॉलेज स्थित ऑक्सीजन प्लांट की मॉक ड्रिल के निरीक्षण अवसर पर कॉलेज प्रबंधन के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।