आरपीएफ संत हिरदाराम नगर ने करीब डेढ़ माह पूर्व वंदे भारत एक्सप्रेस में पत्थर मारने वाले तीन अपचारी बालकों को हिरासत में लिया है। तीनों आरोपियों को हिरासत में लेने के लिए आरपीएफ ने वंदे भारत एक्सप्रेस में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज व सायबर सेल की मदद से घटनास्थल का डंप डाटा हासिल किया गया था। बाद में तीनों बालकों को पाबंद कर नोटिस पर छोड़ते हुए परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक विगत 8 मई को निशातपुरा- सूखी सेवनिया के बीच वदे भारत एक्सप्रेस के कोच सी-13 की सीट 1, 2 के विंडो ग्लास पर अज्ञात बदमाश ने पत्थर मारे थे। इस मामले में आरपीएफ आउट पोस्ट निशातपुरा ने धारा 145, 147, 153 रेल अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया था। जांच के दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज व सायबर सेल से घटनास्थल का डंप डाटा हासिल कर साक्ष्यों को बारीकी से विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों की पतारसी शुरू की और विगत 18 जून तीन बाल अपचारियों को हिरासत में लिया गया।
जांच के दौरान इकट्ठा किए गए साक्ष्यों व तीनों बाल अपचारी बालकों के अपराध स्वीकार करने के बाद विधिवत वैधानिक कार्रवाई की गई। तीनों बाल अपचारी 15, 16 और 17 साल के हैं और बिहारी कॉलोनी पटेल नगर के रहने वाले हैं। तीन बाल अपचारियों को पाबंद कर नोटिस पर छोड़ते हुए परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
वंदे भारत एक्सप्रेस में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे सुरक्षा बल अभियान चलाकर कार्रवाई कर रहा है।