23 साल के युवक के अंगों से पांच लोगों को नया जीवन देने के लिये आज राजधानी में एक साथ तीन ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए। इस युवक का दिल अहमदाबाद में धड़केगा । किडनी और दूसरे ऑर्गन भोपाल, इंदौर, हैदराबाद के मरीजों को दिए जाएंगे। पुलिस अफसरों की मौजूदगी में सुबह 9 बजे युवक के अंगों को रवाना किया गया। ज्ञात हो कि सोहागपुर के रहने वाले अनमोल जैन का 17 सितंबर को एक्सीडेंट हो गया था। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया।

अनमोल के भाई गौरव ने बताया कि पूरे परिवार ने फैसला किया कि अगर किसी को नई जिंदगी मिले, तो इससे बेहतर क्या हो सकता है। अस्पताल के डॉक्टरों के साथ चर्चा के बाद परिवार ने सहमति जताई। अस्पताल प्रबंधन ने ऑर्गन ट्रांसप्लांट कमेटी से संपर्क कर अंगदान की प्रक्रिया पूरी की।

अनमोल की किडनी भोपाल के चिरायु में

आज ग्रीन कॉरिडोर बनाकर सुबह 9.40 बजे पहली एंबुलेंस अनमोल का दिल लेकर एयरपोर्ट के लिए खाना हुई। दूसरी एंबुलेंस 10.3 बजे इंदौर के लिए रवाना हुई। तीसरी एंबुलेंस 10.41 बजे चिरायु अस्पताल के लिए रवाना हुई। अनमोल की किडनी भोपाल में ही मरीज को दी जाएगी। किडनी प्रत्यारोपण चिरायु मेडिकल कॉलेज में किया जाएगा। लिवर इंदौर के एक मरीज को दिया जाएगा। आंख और त्वचा को हमीदिया अस्पताल को दिया गया है।