MP चुनाव: कल का इंतजार, कांग्रेस-BJP के लिए आज कत्ल की रात !


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

मतगणना: भाजपा-कांग्रेस के कंट्रोल रूम तैयार...!

मप्र विधानसभा चुनाव के परिणामों काउंटडाउन शुरू हो गया है। कल सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो रही है और नौ बजे के बाद रूझान आने शुरू हो जाएंगे। भाजपा और कांग्रेस को एग्जिट पोल के निष्कर्षों के सामने आने के बाद अंदरखाने तैयारी में जुटी है। कमलनाथ 12 दिन बाद सुबह भोपाल लौट आए हैं। दोनों दलों ने मैदानी घमासान के बाद मतगणना के दिन को भी 'वार' के रूप में लिया है। कल इसके लिए जोरदार तैयारी है। 

वहीं आज देर रात तक मंथन संपर्क व मंत्रणाओं के दौर चलेंगे। खासतौर पर कांग्रेस ने अपने सभी उम्मीदवारों व उनके काउंटिंग एजेंट्स को सतर्क रहने के निर्देश भेजे हैं। भोपाल में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय कल सुबह से कमलनाथ, दिग्विजय सिंह समेत अन्य वरिष्ठ नेता व अधिवक्ता कंट्रोल रूम में बैठकर पूरे प्रदेश में मतगणना पर नजर रखेंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेता भी कल इसी काम में जुटेंगे। 

हालांकि काग्रेंस ने मतगणना के दौरान 'बवंडर' की आशंका व्यक्त करते हुए चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाया है। इस आशंका के आधार के रूप में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा कार्यालय की बैठक के कथित वीडियो को बनाया है। उसने कहा है कि भाजपा द्वारा अपने कार्यकताओं को मतगणना दिवस पर अशांति फैलाकर मतगणना प्रभावित करने के लिए उकसाने की कां रही है। लिहाजा अराजकता की स्थिति निर्मित हो सकती है। लिहाजा राजीव सिंह, जेपी धनोपिया व प्रकाश जैन ने आयोग से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की मांग की।

शिवराज - वीडी - सिंधिया बैठेंगे साथ
भाजपा मुख्यालय में कल सुबह से कंट्रोल रूम काम करने लगेगा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, ज्योतिरादित्य सिंधिया यहां अन्य नेताओं के साथ बैठकर मतगणना पर नजर रखेंगे और सभी विस क्षेत्रों में अपने नेताओं से संपर्क में रहेंगे। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता आशीष अग्रवाल का कहना है कि एक लीगल टीम भी शिकायतों के समाधान हेतु तैनात रहेगी और यह कंट्रोल रूम अंतिम परिणाम आने तक चलेगा।