मोहनिया टनल में यातायात फिर चालू, नहर फूटने से भर गया था पानी


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

टनल का उद्घाटन करीब 9 महीने पहले 10 दिसंबर 2022 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया था..!

रीवा-सीधी के बीच बनी वर्ल्ड क्लास मोहनिया टनल में यातायात शुक्रवार सुबह फिर से चालू कर दिया गया। देर रात बाणसागर नहर का पानी टनल में भर जाने से यातायात बंद हो गया था। टनल का उद्घाटन करीब 9 महीने पहले 10 दिसंबर 2022 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया था।

टनल में पानी भर जाने के चलते जिला प्रशासन ने मार्ग को बंद करा दिया था। देर रात बाणसागर नहर अचानक टूट गई जिसके चलते बाणसागर डैम का पानी आसपास के इलाकों में भर गया और टनल को भी अपनी चपेट में ले लिया है।

मोहनिया टनल में पानी भरने की जानकारी मिलते ही चुरहट विधायक शरदेंदु तिवारी, सीधी कलेक्टर और एसपी भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद टनल से आवागमन बंद कराया और टनल में भरे पानी को निकालने के प्रयास शुरू किये गए।

टनल बंद होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। मौके पर पहुँची प्रशासन एवं पुलिस की टीम ने मेंटेनेंस कर टनल को दोबारा चालू कर दिया। नेशनल हाईवे-39 पर मोहनिया टनल का निर्माण राष्ट्रीय सड़क विकास प्राधिकरण (NHAI) ने 1004 करोड़ रुपए की लागत से कराया है। निर्माण कार्य 18 दिसंबर 2018 को शुरू हुआ, जो तय समयसीमा मार्च 2023 से 6 महीने पहले ही पूरा कर लिया गया था।