मध्यप्रदेश के नये मुख्यमंत्री के लिये फैसला होने में अब कुछ ही घंटे का वक्त बाकी है। शाम छह बजे तक भाजपा विधायक दल की बैठक में 'सर्वसम्मति से नाम पर मुहर लगने के आसार हैं। बैठक के लिये सभी भाजपा विधायक आज भोपाल में हैं और पर्यवेक्षक मनोहरलाल खट्टर, के. लक्ष्मण और आशा लकड़ा भोपाल आ गये हैं। अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इनकी अगवानी की। खास घटनाक्रम यह रहा कि खट्टर शिवराज सिंह चौहान से मिलने सीएम हाउस पहुंच गए। माना जाता है। उन्होंने हाईकमान की रणनीति से उन्हें अवगत कराया।
छत्तीसगढ की ही तरह मप्र में भी नाम को लेकर सिर्फ अटकलों व अनुमानों का दौर है, हाइकमान की मंशा खुद भाजपा के बड़े नेताओं को भी नहीं मालूम है। अलबत्ता माना जा रहा है कि खट्टर दिल्ली से ही नाम लेकर आ रहे हैं, इसमें नाम के साथ 'दूसरा विकल्प' भी हो सकता है, जिसे बैठक में विधायकों के रूख के सामने आने के बाद रखा जा सकता है। बैठक शाम चार बजे भाजपा के कार्यालय में शुरू होगी।
जानकार सूत्रों का कहना है कि छत्तीसगढ में कल हुए फैसले को मप्र के लिये आधार बनाया जाए तो प्रशासनिक व राजनीतिक दृष्टि से अनुभवी नेता को ही हाइकमान तरजीह देना चाहता है। छग के लिये विष्णुदेव साय का चयन उनके संगठन और केंद्र सरकार में मंत्री बतौर किये काम व निर्विवाद छवि के चलते हुए है। मप्र में शिवराज सिंह के बाद इस मापदंड में नरेंद्र सिंह तोमर खरे उतर रहे हैं। वे विधायक, मप्र में मंत्री, प्रदेशाध्यक्ष व केंद्र में मंत्री रह चुके हैं। फिर पहली बार विधायक बने प्रहलाद पटेल का नाम भी है जो केंद्र मे राज्यमंत्री हैं, इसी तरह के अनुभव वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं, फिर कैलाश विजयवर्गीय का नाम है और वीडी शर्मा भी दावेदारों में शुमार हैं।भारी बहुमत के चलते मप्र में हाइकमान नये चेहरे पर प्रयोग करने में भी सुविधाजनक स्थिति में है। लेकिन लोकसभा चुनाव के चलते कई सारे तकाजे भी उसके सामने हैं।
राय के पहले ग्रुप फोटो: इधर भोपाल में भाजपा विधायक दल की बैठक की तैयारियां सुबह ही पूरी कर ली गईं। हॉल समेत पार्टी कार्यालय को फूलों से सजाया गया है। केंद्रीय पर्यवेक्षक यहां चार बजे के पहले पहुंचेंगे। दोपहर एक बजे से विधायकों को भी पार्टी कार्यालय पहुंचने के लिये कहा गया था। जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय पर्यवेक्षकों के साथ रायशुमारी के पहले भाजपा के सभी विधायकों का दोपहर 3.30 बजे फोटो सेशन होगा। फिर 4 बजे से विधायक दल की बैठक शुरू हो जाएगी। नेता के ऐलान भोपाल में शाम को या दिल्ली में भी हो सकता है।
पोस्टर में दावेदारों के चेहरे नदारद
पार्टी कार्यालय में सजाए गए मंच पर एक बड़ा पोस्टर लगाया गया है जो चर्चा का विषय भी है। इसमें पीएम नरेंद्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा का फोटो है। इस पोस्टर में मुख्यमंत्री शिवराज का फोटो नहीं है तथा तोमर समेत अन्य नेताओं के फोटो भी नहीं हैं। भाजपा सूत्रों का साफ कहना है कि यह चूंकि संगठन का कार्यक्रम है लिहाजा इसमें बाकी चेहरों को नहीं रखा गया है।