ट्विटर के सीईओ एलन मस्क की घोषणा के बाद गुरुवार रात जैसे ही 12 बजे वैसे ही लीगेसी वेरिफाइड अकाउंट से ब्लू टिक हटने शुरू हो गए। ट्विटर की इस नीति की चपेट में मध्यप्रदेश के नाते भी आ गए। प्रदेश के कई दिग्गज नेताओं के ट्विटर अकाउंट से ब्लू टिक हटा दिए गए हैं।
ट्विटर की इस कार्रवाई से नेतानगरी में भी उथलपुथल मच गई है। इस लिस्ट में कांग्रेस के कई बड़े नेताओं के साथ शिवराज सिंह चौहान सरकार के कई मंत्रियों के भी नाम शामिल हैं। हालाँकि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का ब्लू टिक तो बच गया है, लेकिन उनके कार्यालय (@OfficeofSSC) का ब्लू टिक हटा दिया गया है। https://twitter.com/OfficeofSSC?s=20
ट्विटर ने यह कार्रवाई ऐसे समय में की है जब मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। सभी पार्टियों के नेता चुनावी तैयारियों में जुटे हुए हैं। शुक्रवार सुबह ट्विटर ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव, नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह, वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत बीजेपी और कांग्रेस के कई दिग्गजों के ट्विटर हैंडल से ब्लू टिक हटा दिया गया। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का ब्लू टिक भी हटा दिया गया है।
सभी मंत्रालयों से ब्लू टिक हटा दिए गए हैं। एमपी कांग्रेस के हैंडल पर ब्लू टिक बरकरार है, जबकि भाजपा मध्य प्रदेश के ट्विटर हैंडल से ब्लू टिक गायब हो गया है। बड़े नामों में शुमार पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के अकाउंट से भी ट्विटर ने ब्लू टिक हटा दिया है। बड़े नेताओं में सिर्फ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पास ब्लू टिक बचा है।