MP चुनाव: कांग्रेस के दो दर्जन MLA सर्वे में उलझे, BJP का नए चेहरों पर फोकस


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

दिल्ली में सुबह से कांग्रेस की बैठक, शाम को भाजपा करेगी अपने चेहरों पर विचार, शिवराज दिल्ली जाएंगे..!

मप्र में विधानसभा चुनाव के लिये टिकटों को लेकर घमासान तेज हो रहा है। कांग्रेस ने करीब सौ सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम लगभग तय कर लिये हैं। यह नाम अब केंद्रीय चुनाव समिति को भेजे जाएंगे। इनमें करीब पचास मौजूदा विधायक भी शामिल हैं। वहीं भाजपा की केंद्रीय समिति की शाम को बैठक में मप्र की दूसरी सूची पर मुहर लग सकती है, भाजपा भी कुछ मौजूदा विधायकों की जगह नये चेहरों पर विचार कर रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दोपहर बाद फिर दिल्ली रवाना हो रहे हैं।

आज सुबह से कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक का दूसरा दौर शुरू हुआ है। कल भी आधी रात तक हुई बैठक में हारी हुई सीटों पर सहमति के प्रयास बनाए गए थे तथा करीब सौ सीटों पर चर्चा की गई थी। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस में अभी कुछ और दौर की बैठके होंगी, तभी टिकट तय हो सकेंगे, क्योंकि सभी सीटों पर अध्यक्ष कमलनाथ द्वारा कराया गया सर्वे भी है तो हाइकमान का आकलन व पर्यवेक्ष कों की रिपोर्ट पर भी विचार हो रहा है। इनमें समन्वय बनाने की कोशिशें हो रही हैं। बताया जाता है कि कांग्रेस की बैठकों में इसी अलग अलग सर्वे के चलते गतिरोध उभरा है। प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी यही संकेत दिये हैं कि उम्मीदवार की जीतने की संभावना, बेहतर चेहरा व जनमत के आधार पर टिकटों का फैसला होगा। 

सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस की बैठकों में लगातार हार वाली सीटों के अलावा 50 मौजूदा विधायक के नाम पर चर्चा के बाद करीब सौ नाम ऐसे उभरे हैं जिनकी टिकट तय हो सकती है। सर्वे में करीब 20 वर्तमान विधायकों की स्थिति कमजोर मानी गई है, वहां मजबूत उम्मीदवार को आजमाने को लेकर दुविधा व मतभेद है। कमलनाथ अपने सर्वे को लेकर बहुत आश्वस्त हैं। और बैठक में उन्होंने जोर दिया कि इसमें जो नाम आए हैं, उन पर दाव लगाया जा सकता है।

भाजपा आज 60 नामों को देगी मंजूरी

इधर भाजपा के मप्र के नेताओं की बैठकों के बाद केंद्रीय समिति आज दिल्ली में पीएम मोदी की मौजूदगी में टिकटों पर विचार करने बैठ रही है। सूत्रों की मानें तो मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के प्रत्याशियों को लेकर इस बैठक में निर्णायक चर्चा होगी। मप्र के लिये दो दिन पहले दिल्ली में हुई बैठक में करीब 60 नामों को अमित शाह, नड्डा, शिवराज, वीडी के बीच चर्चा में तय किया गया था, इसमें करीब तीस हारी या कमजोर सीटों के लिये नाम हैं। भाजपा इसलिये सतर्क है क्योंकि दो सप्ताह पहले जारी 39 प्रत्याशियों की सूची पर मप्र में घमासान मच गया है, करीब दर्जनभर सीटों पर असंतोष उभरा है। सूत्रों का कहना है कि भाजपा हाइकमान एंटी इंकम्बेंसी से निपटने के लिये नये चेहरों पर जोर दे रहा है।