खजुराहो में 25 जुलाई मंगलवार को 5वे हेलीकॉप्टर एवं लघु विमान शिखर सम्मेलन का आयोजन किया गया। केंद्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और  BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ हेलीसमिट का उद्घाटन किया। इसके सात ही इंडियन फ्लाइंग एकेडमी एवं फ्लाईओला एविएशन एकेडमी का शुभारंभ भी किया गया।

इस मौके पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि खजुराहो में दो FTO व एक हेलिकॉप्टर प्रशिक्षण इंस्टिट्यूट के लोकार्पण का सौभाग्य प्राप्त हुआ। ये देश का ही नहीं बल्कि एशिया का पहला कमर्शियल हेलिकॉप्टर पायलट लाइसेंस ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट है। अब खजुराहो की पहचान न केवल एक पर्यटक स्थल के रूप में बल्कि एक FTO केंद्र के रूप में भी होगी।

इन FTOs की स्थापना से खजुराहो और आसपास के युवा पायलट बन, केवल हवाई जहाज ही नहीं बल्कि भारत को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। अब इंदौर, सागर और गुना में एक-एक FTO के साथ मध्यप्रदेश में 6 FTOs होंगे, तथा मध्यप्रदेश, देश में पायलट प्रशिक्षण प्रदान करने वाला एक महत्वपूर्ण राज्य बन जाएगा।

सम्मेलन का आयोजन नागरिक उड्डयन मंत्रालय, मध्य प्रदेश सरकार, पवन हंस लिमिटेड और फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर  फ्लाईओला एविएशन एकेडमी के मैनेजिंग डायरेक्टर सीताराम ओला, इंडियन फ्लाइंग एकेडमी के सीनीयर कमांडर कैप्टन आर वी सिंह समेत अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।