पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने एक बार फिर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भगवान राम और हनुमान किसी पार्टी के कार्यकर्ता नहीं हैं। जब भाजपा और जनसंघ नही था, अंग्रेजों का शासन, मुगलों का शासन था तब भी भगवान थे। कलयुग के पहले भी भगवान थे। भगवान राम और हनुमान पर सबका अधिकार है वह हर मानने वालों के भगवान हैं।
उमा भारती ने यह बात अपने छिंदवाड़ा के अल्प प्रवास पर कही हैं। उन्होंने लोधी समाज के कार्यक्रम वाले बयान को लेकर मीडिया से कहा कि मैं अपनी बात पर अभी भी गंभीर हूं,और भगवान की दया रही है कि जो बात कही उसमें गंभीर रही हूं और वह बात होकर रही है।
उमा भारती ने पूर्व सीएम कमलनाथ के सिमरिया हनुमान मंदिर बनाये जाने पर कहा कि भगवान राम और हनुमान किसी पार्टी के कार्यकर्ता नही हैं। जब भाजपा और जनसंघ नहीं था,अंग्रेजों और मुगलों का शासन था तब भी भगवान थे। उमा ने बताया कि अयोध्या में राम मंदिर बनाये जाने पर कुछ कांग्रेस नेताओं द्वारा समर्पण राशि देने पर कुछ भाजपा नेताओं ने मजाक बनाया था मैनें उन्हें भी चेताया था कि भगवान राम और हनुमान पर सबका अधिकार है वह हर मानने वालों के भगवान हैं।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर भी उन्होंने कहा कि भारत टूटा नहीं है। कहां टूटा हुआ कांग्रेस को दिखाई दे रहा है? मुझे तो कांग्रेस टूटते हुए दिखाई दे रही है...अब भारत और जुड़ गया है , धारा 370 खत्म हो गई है पीओके भी जल्द हमारा होगा, कहां से भारत टूटा हुआ दिख रहा है?
उमा भारती अक्सर छिंदवाड़ा स्थित प्रसिद्ध जाम साँवली मंदिर दर्शन करने पहुंचती है। छिंदवाड़ा से लोकसभा चुनाव लड़ने पर उन्होंने कहा कि यह सब पार्टी का निर्णय होता है। प्रज्ञा ठाकुर और उषा ठाकुर के बयान का समर्थन करते हुए उमा भारती ने कहा कि हमारे भगवान के पास शास्त्र और शस्त्र दोनो होते हैं शस्त्र रखना गलत नहीं है। हिंसक विचार रखना गलत है। भगवान राम ने भी वनवास के दौरान शस्त्र न छोड़ने की प्रतिज्ञा ली थी।