भाजपा की फायर ब्रांड नेता उमा भारती के एक बयान से पार्टी में खलबली मच गई है। मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने एक कार्यक्रम में दो टूक कहा कि मैं लोधी समाज को राजनीतिक बंधन से मुक्त करती हूं। मैं चुनाव में आऊंगी, मंच से संबोधित करूंगी, लेकिन यह नहीं कहूंगी कि लोधियों तुम भाजपा को वोट करो।
उमा भारती ने आगे कहा कि मैं तो सभी से कहती हूं कि आप बीजेपी को वोट करें, क्योंकि मैं तो पार्टी की निष्ठावान सिपाही हूं। उमा भारती ने यह बात राजधानी भोपाल में लोधी समाज के युवक युवती परिचय सम्मेलन कार्यक्रम में कही हैं। उमा भारती के इस बयान का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
लोधी समाज के कार्यक्रम में उमा भारती ने कहा कि मैं चुनाव में आऊंगी, मंच से संबोधित करूंगी, लेकिन यह नहीं कहूंगी की आप भाजपा को वोट करें। मैं सभी से कहती हूं कि आप बीजेपी को वोट करें, क्योंकि मैं तो पार्टी की निष्ठावान सिपाही हूं। लेकिन मैं आपसे थोड़ी अपेक्षा करूंगी कि आप भी पार्टी के निष्ठावान सिपाही होंगे। आपको अपने आस-पास के हित देखने हैं। यदि आप पार्टी के कार्यकर्ता नहीं हैं, यदि आप पार्टी के वोटर नहीं हैं तो जाहिर है आपको सारी चीजें देखकर ही अपने बारे में फैसला करना है।
उमा की नाराजगी
उमा भारती इन दिनों प्रदेश की सियासत में उपेक्षित मानी जा रहीं हैं। शराब बंदी की मांग को लेकर भी उमा को सरकार से अपेक्षित रिस्पॉन्स नहीं मिला है। हाल ही में उमा भारती के कट्टर समर्थक प्रीतम लोधी को भी पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया था। प्रीतम लोधी पर यह कार्रवाई उनके एक विवादास्पद बयान के चलते की गई थी। तब से प्रीतम लोधी क्षेत्र में सक्रिय रह ताकत दिखा रहे हैं।