दमोह के धरमपुरा वार्ड में राशन दुकान के सेल्समैन की आत्महत्या का मामले में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल की नाराजगी सामने आई है। इस केस में पुलिस द्वारा बीजेपी पार्षद पर केस दर्ज किये जाने से नाराज केंद्रीय मंत्री ने अब दमोह पुलिस की सेवाएं न लेने की बात कही है।

दमोह के धरमपुरा वार्ड में राशन दुकान के सेल्समैन ने आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में पुलिस को मिले सुसाइड नोट में लिखे 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें वार्ड पार्षद यशपाल सिंह ठाकुर का नाम भी शामिल है।

गुरुवार को धर्मपुरा वार्ड के सैकड़ों लोग पार्षद यशपाल सिंह ठाकुर के समर्थन में केंद्रीय मंत्री पहलाद पटेल के बंगले पर उन्हें ज्ञापन देने गए थे। इसके बाद बीजेपी पार्षद यशपाल सिंह ठाकुर पर केस दर्ज होने के बाद केंद्रीय मंत्री पटेल नाराज दिखे।

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल का कहना है कि दमोह पुलिस ने जल्दबाजी में मामला दर्ज किया है, जबकि पुलिस को पहले सुसाइड नोट की लिखावट की जांच करानी चाहिए। तब कुछ कार्रवाई होनी चाहिए थी।  इसलिए मैं अपनी सुरक्षा के लिए और उपस्थित सभी लोगों की सुरक्षा के लिए आज से दमोह पुलिस की सेवाओं का बहिष्कार कर रहा हूं। मैं दमोह पुलिस के जवानों को तत्काल प्रभाव से हटा रहा हूं।