हजरत निजामुद्दीन से रानी कमलापति रेलवे स्टेशन आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस में देर रात नौ बजे खाना खत्म होने पर जमकर हंगामा हुआ। नाराज यात्रियों ने खाना मांगा तो उन्हें खराब पोहा और उपमा परोस दिया गया। इसके बाद मामला और भड़क गया। यात्री इस बात से नाराज थे कि उनके कोच सी-13 में चढ़ाया गया खाना दूसरे कोच के यात्रियों को परोस दिया गया था। जब खाना परोसने की बात कही गई तो कैटरिंग कंपनी के कर्मचारियों ने ठीक से जवाब नहीं दिया जोर देने पर पैक्ड खान पान सामग्री दी गई, जिसकी गुणवत्ता ठीक नहीं थी।
बताया जाता है कि यह विवाद करीब आधे घंटे तक चला। अंत में कैटरिंग कर्मचारियों ने रुपये वापस करने का भरोसा दिया है। जिसके बाद मामला शांत हुआ। ट्रेन तय समय पर रात 10.10 बजे रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंच गई थी। उल्लेखनीय है कि भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन के बीच एक अप्रैल से वंदे भारत एक्सप्रेस की सेवा शुरू हुई है।
इसलिए बढ़ा विवाद
यात्रियों ने बताया कि एक तो उन्हें तय समय पर खाना नहीं परोसा गया। पूछने पर कैटरिंग कर्मचारी अलग-अलग जवाब देते रहे। जोर दिया तो बना बनाया पोहा व उपमा दिया गया लेकिन उसे देने से पहले जांच नहीं गया। जब उसे खोला गया तो कोच में अलग तरह की गंध फैल गई। जिसके कारण अधिक परेशान होना पड़ा।