भोपाल रेल मंडल को मिली पहली वंदे भारत एक्सप्रेस में रिकार्ड यात्रियों ने सफर किया है। जिनकी संख्या 70 हजार है, जो कि 59 दिन में की है। इन यात्रियों से भोपाल रेल मंडल को 8.23 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। अब भोपाल से इंदौर के बीच दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस को चलाने की तैयारी है। इसे भी अच्छा प्रतिसाद मिलने का अनुमान जताया जा रहा है। पहली वंदे भारत एक्सप्रेस 1 अप्रैल को रानी कमलापति स्टेशन से हजरत निजामुद्दीन के बीच चली थी और दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस 27 जून को चलनी है। अभी यह तारीख फाइनल नहीं है। इसमें बदलाव हो सकते हैं।
वंदे भारत एक्सप्रेस में बढ़ रही यात्रियों की संख्या
वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भोपाल रेल मंडल से मिली जानकारी के मुताबिक वंदे भारत एक्सप्रेस में अप्रैल माह में 24 हजार 433 यात्रियों ने यात्रा की थी। इन यात्रियों से दो करोड़ 80 लाख 19 हजार एक सौ नौ रुपये का राजस्व मिला। मई में 33 हजार 891 यात्रियों ने यात्रा की, इन यात्रियों से चार करोड़ 34 लाख 26 हजार 707 रुपये राजस्व मिला। इसी तरह 10 जून तक नौ हजार 93 यात्री यात्रा कर चुके हैं, जो रेलवे को एक करोड़, आठ लाख 76 हजार 604 रुपये का राजस्व दे चुके हैं।