भोपाल: राज्य के अनूपपुर जिले में तीन साल पहले 9 जुलाई 2019 को निर्माणाधीन पिपरिया जलाशय योजना का बांध ग्राम बेलियाबाड़ी के ग्रामवासियों द्वारा बांध की मेढ़ को काटने से क्षतिग्रस्त हुआ था। यह तथ्य जल संसाधन विभाग की जांच रिपोर्ट में प्रगट हुआ है। इस आधार पर विभाग ने बांध क्षतिग्रस्त होने पर निलम्बित किये गये कार्यपालन यंत्री एके विनोदिया, प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी एके बघेल तथा उपयंत्री केपी तिवारी को क्लीन चिट देकर उनकी निलम्बन अवधि 23 जुलाई 2019 से 29 जनवरी 2021 को कत्र्तव्य अवधि मान्य कर नियमितीकरण करने एवं उन्हें पूर्ण वेतन प्रदान करने के आदेश जारी कर दिये हैं। साथ ही उन्हें भविष्य में ऐसी घटनाओं के लिये सचेत रहने के लिये भी कहा गया है।
जांच रिपोर्ट में बताया गया है कि 30 जून 2019 एवं 10 जुलाई 2019 को हुई वर्षा के कारण ग्राम बेलियाबाड़ी को कोतमा केशवाही मार्ग से जोडऩे वाली प्रधानमंत्री सडक़ डूब में आने एवं मार्ग अवरुध्द होने के कारण 2 जुलाई 2019 को ग्राम बेलियाबड़ी के ग्राम वासियों द्वारा बांध की मेढ़ कटवा दिया गया था, जिससे बांध क्षतिग्रस्त हो गया था। अब ठेकेदार ने बांध के क्षतिग्रस्त हिस्से को स्वयं के व्यय पर सुधार दिया है एवं निर्माणाधीन वैकल्पिक मार्ग का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है जिसमें शासन को कोई वित्तीय हानि नहीं हुई है।