MP चुनाव: मोदी-शिवराज की गारंटी पर भरोसा, BJP ने जारी किया संकल्प पत्र


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

भाजपा के संकल्प पत्र में किसानों, युवाओं, महिलाओं पर फोकस

विधानसभा चुनाव के मतदान के छह दिन पहले आज सत्तारूढ भाजपा ने अपना घोषणा पत्र 'संकल्प पत्र' के नाम से पेश किया है। कांग्रेस ने पिछले महीने विजन डाक्यूमेंट जारी किया था। भाजपा ने पाँच साल के लिए अपने संकल्प पत्र को प्रधानमंत्री की गारंटी के मुताबिक तैयार किया है। खास बात यह कि संकल्प जारी करने के पहले भी भाजपा कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं की लंबी बैठक चली। 

भाजपा ने अगले पाँच साल तक देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की योजना को जारी रखने के साथ ही 450 रुपए में गरीबों को गैस सिलेंडर जैसी कई योजना को इसमें शामिल किया है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हाल के समय में जो भी ऐलान किये हैं, उनको भी इसमें समाहित किया गया है। लाड़ली बहन योजना को गेम चें घोषणा के बतौर पेश करते हुए इसमें मिलने वाले लाभ को 3 हज़ार रुपए महीने तक पहुँचाने का वादा किया गया है।

आज संकल्पपत्र जारी करने के लिये पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा का काफी देर इंतजार हुआ। इस मौके पर मुख्यमंत्री चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, नरेंद्र सिंह तोमर, महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीरेन्द्र खटीक, प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, नरोत्तम मिश्रा, आदि मौजूद थे।

किसानों, युवाओं, महिलाओं का ख्याल

भाजपा हर भूमिहीन परिवार भूखंड और आवास देने के अलावा कांग्रेस की पढ़ो- पढ़ाओ योजना के जवाब बेटियों के लिए केजी से पीजी (स्नातकोत्तर) तक मुफ्त शिक्षा देने के वादे से करने की कोशिश में है। किसान कर्जमाफी के जवाब में किसानों को प्रति हेक्टेयर फसल पर एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता, मोटे अनाज का समर्थन मूल्य, फल-फूल और औषधीय खेती पर विशेष प्रोत्साहन पैकेज सहित किसानों की समृद्धि के लिए किसान कल्याण आयोग का गठन जैसे उसके कई संकल्प भी हैं। नारी सशक्तीकरण के वादे भी हैं।