हम BJP से नहीं कांग्रेस के कारण हारे चुनाव, प्रदेश प्रभारी के सामने फूटा गुस्सा


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी जितेन्द्र सिंह को जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों ने दिया फीडबैक..!!

मध्यप्रदेश कांग्रेस का प्रभारी बनने के बाद पहली बार मंगलवार को जितेन्द्र सिंह भोपाल पहुंचे। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में उन्होंने जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों की बैठक ली।  उन्होंने जिलाध्यक्षों से वन-वन टू चर्चा करके संगठन के ढांचे के बारे में पूरी जानकारी ली।

इस दौरान कुछ जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों ने विधानसभा चुनाव में आपसी गुटबाज़ी को कांग्रेस की हार का जिम्मेदार बताया। बैठक में कहा गया कि कई जिलों में कुछ लोगों ने तानाशाही रवैया अपना रखा है। कुछ लोगों को लगता है पार्टी उनके हिसाब से चलती है। सबकी बात को तवज्जो दी जानी चाहिए।

हार के कारणों को लेकर कहा गया कि हम भाजपा से नहीं कांग्रेस के कारण चुनाव हारे हैं। जिनको टिकट नहीं मिला उन्होंने डबल ताकत से प्रत्याशी को चुनाव हराया। ऐसे कांग्रेसियों को चिन्हित करना चाहिए। अपने ही लोगों ने कांग्रेस को हराया।

हालांकि कांग्रेस प्रभारी जितेन्द्र सिंह ने जिलाध्यक्षों को दो टूक कहा कि हार को लेकर निराशा होने की कोई जरूरत नहीं है। लोकसभा चुनाव को देखते हुए एक नई ऊर्जा के साथ कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं को मैदान में सक्रिय होना होगा।

जितेन्द्र सिंह ने जिलाध्यक्षों और प्रभाररियों से स्पष्ट कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक है इसलिए आपसी मनमुटाव को दूर करके एकजुटता के साथ अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय हो जाए। लोकसभा चुनाव में बीजेपी से अगर हमे दो-दो हाथ करना है तो हमे एकजुट होना होगा।

पीसीसी में कांग्रेस जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारियों की बैठक में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया, अरुण यादव, सीडब्ल्यूसी सदस्य कमलेश्वर पटेल, सीईसी सदस्य ओमकार मरकाम, पूर्व नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह, उपनेता हेमंत कटारे सहित अन्य नेता मौजूद रहे।