मध्यप्रदेश में मौसम एक बार फिर से करवट ले रहा है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार कल से कई जिलों में बारिश हो सकती है, साथ ही ओले भी गिर सकते हैं। मौसम विभाग ने 15 जिलों में बारिश-तूफान का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के 16 जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। बादलों के कारण रात का तापमान लगभग स्थिर बना रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के चंबल, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर, सागर, इंदौर संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। ग्वालियर में 3.6 मिमी, सिवनी में 2.6 मिमी, सागर में 1.2 मिमी बारिश हुई। खजुराहो और छिंदवाड़ा में भी बारिश हुई। सभी जिलों के अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। जबलपुर, इंदौर, शहडोल संभाग के जिलों में सामान्य, भोपाल संभाग के जिलों में सामान्य से अधिक। प्रदेश में राजगढ़ सबसे गर्म रहा। रीवा संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान में इजाफा हुआ है।
मौसम विभाग के अगले 24 घंटों के पूर्वानुमान में कहा गया है कि इंदौर, नर्मदापुरम, रीवा, चंबल, जबलपुर संभाग और दतिया, ग्वालियर, शिवपुरी, सीहोर, पन्ना, सागर, शाजापुर, दमोह, छतरपुर जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं वर्षा या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि इंदौर, नर्मदापुरम, चंबल संभाग और दतिया, ग्वालियर, शिवपुरी, सीहोर, पन्ना, सागर, मंडला, दमोह, शाजापुर, छतरपुर, छिंदवाड़ा, जबलपुर, डिंडोरी जिलों में बारिश हो सकती है। बालाघाट, नरसिंहपुर, सिवनी और देवास जिले में कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की संभावना है।