कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा एक दिन के विराम के बाद फिर शुरू हो गई। यात्रा गुरुवार को उज्जैन के आरडी मेडिकल काॅलेज से प्रारंभ होकर अगर मालवा की ओर बढ़ रही है। यात्रा के दौरान कांग्रेस के सचिव मीडिया इंचार्ज जयराम रमेश ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के दलबदल पर बड़ा दावा किया है। 

जयराम रमेश ने गुरुवार को मीडिया से चर्चा में कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया केवल दो कारणों से कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। उन्होंने इन दोनों कारणों को भी बेबाकी से मीडिया के बीच रखा।

जयराम रमेश ने कहा कि पहला कारण यह था कि ज्योतिरादित्य सिंधिया केंद्रीय मंत्री बनना चाहते थे और दूसरा कारण यह कि वे सफदरजंग रोड का 27 नंबर बंगला चाहते थे। इसके अलावा जितनी बातें हैं वे सब बहाने हैं, जिनमें कोई असलियत नहीं। 

जयराम रमेश ने यह भी कहा कि अक्सर यह सवाल उठाया जाता है कि भारत कहां टूट रहा है जो यह यात्रा निकाली जा रही है, इस पर मैं यह कहूंगा कि प्रधानमंत्री की नीति और नियत से देश के टूटने का खतरा है और कांग्रेस इस यात्रा से प्रधानमंत्री की उन नीतियों और नियत का विरोध कर रही है। 

इससे पहले गुरुवार को भारत जोड़ो यात्रा एक दिन के विराम के बाद दोबारा शुरू हो गई। यात्रा गुरुवार को उज्जैन के आरडी मेडिकल काॅलेज से प्रारंभ हुई। यात्रा में अभिनेत्री स्वरा भास्कर भी शामिल हुईं।