मध्यप्रदेश में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के बैतूल और बुरहानपुर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, प्रदेश के 28 जिलों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।
प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी लगातार बारिश के कारण भोपाल के बड़े तालाब का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बड़े तालाब का जलस्तर 0.35 फीट बढ़ा है। इस तालाब को कोलांस नदी भरती है। तालाब का लेवल 1660.90 से बढ़कर 1661.25 फीट पर पहुंच गया है। तालाब का फुल टैंक लेवल 1666.80 है। कलियासोत, केरवा और कोलार डैम के जलस्तर में भी इजाफा हुआ है। नर्मदापुरम में तवा डैम में 24 घंटे में सात फीट पानी बढ़ा है। इंदौर में सोमवार से शुरू हुई बारिश में सड़कें पानी में डूब गईं और लंबे जाम लग गए।
संभावना है कि अगले 4 से 5 दिनों तक पूरे देश में बारिश का मौसम बना रहेगा। पश्चिमी क्षेत्र में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। पिछले 24 घंटों में भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, शहडोल और रीवा में अच्छी बारिश हुई है। राज्य में सबसे अधिक वर्षा कुंडम में 11 सेमी और बुधनी में 9 सेमी हुई। राज्य के 24 से ज्यादा जिलों में बारिश होने की संभावना है, जिनमें से 9 जिलों को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है।
मध्य प्रदेश मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटे भोपाल संभाग सागर, छतरपुर, सीहोर, रायसेन, रतलाम, मंदसौर, राजगढ़, जबलपुर और टीकमगढ़ समेत नर्मदापुरम संभाग के जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा इंदौर संभाग के जिलों के लिए उज्जैन, रीवा, सीधी, डिंडोरी, अनुपपुर, शहडोल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना दमोह, निवाड़ी, भोपाल, देवास, शाजापुर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी। वहीं श्योपुर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।