MP Weather: मौसम प्रणाली पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से मध्य प्रदेश में दिन के तापमान में करीब 5.5 डिग्री की गिरावट आई है। पिछले 3 दिनों में ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग के कुछ जिलों में आंधी और बूंदाबांदी हुई है। शेष जिलों में मौसम साफ रहा। बुधवार को प्रदेश के भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर समेत कई शहरों में दिन के तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट देखी गई।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट का अनुमान जताया है। ऐसे में कुछ शहरों में रात का तापमान फिर 10 डिग्री से नीचे पहुंच सकता है। अभी पारा इससे अधिक है।
मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के अनुसार 8 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इससे राज्य में मौसम में बदलाव आ सकता है।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी ने बताया कि 12, 13 और 14 फरवरी को बारिश का अनुमान है। 20 फरवरी के बाद ठंड का असर और कम हो जाएगा। जिसके चलते दिन और रात दोनों समय तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अभी भी सक्रिय है।
अगले 2 दिन ऐसा रहेगा मौसम..
7 फरवरी: दिन में धूप रहेगी, जबकि रात और सुबह में हल्की ठंड रहेगी। हवा के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है।
8 फरवरी: इस दिन भी मौसम ऐसा ही रहेगा। रात और सुबह हल्की ठंड का असर जारी रहेगा।
बुधवार को मध्य प्रदेश के कई शहरों में तापमान में गिरावट देखी गई, जिसमें भोपाल भी शामिल है जहां तापमान 5.5 डिग्री गिरकर 26.2 डिग्री पर पहुंच गया। इंदौर में तापमान 5.2 डिग्री गिरकर 25.4 डिग्री पर आ गया। ग्वालियर में तापमान 25.6 डिग्री, उज्जैन में 26 डिग्री और जबलपुर में 29.5 डिग्री दर्ज किया गया।
रायसेन राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां का तापमान 24.8 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह नौगांव में 25 डिग्री, धार में 25.2 डिग्री, टीकमगढ़ में 25.5 डिग्री, पचमढ़ी में 26.1 डिग्री, रतलाम में 26.5 डिग्री, गुना में 26.7 डिग्री, रीवा-सीधी में 27.2 डिग्री, सतना-खजुराहो में 27.4 डिग्री, सागर में 28.1 डिग्री और नरसिंहपुर में 28.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मंडला में उच्चतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया।