MP Weather: प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम, कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, तेज हवाएं चलने की संभावना


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया है, पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान दमोह और छतरपुर के बिजावर एआरजी में 41 डिग्री सेल्सियस रहा..!!

MP Weather: मध्य प्रदेश में अप्रैल की शुरुआत से ही मौसम गर्म होने लगा है, कई जिलों में लू जैसे हालात हैं। दिन में तेज धूप गर्म हवाओं का अहसास करा रही है। इसी बीच मौसम विभाग का अनुमान है कि 5 अप्रैल से सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण निकट भविष्य में प्रदेश का मौसम एक बार फिर बदलेगा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के भोपाल मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा आज दिए गए अपडेट के अनुसार, मध्य प्रदेश के अधिकांश जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है, भिंड, मंडला, सिवनी में लू और गर्म हवाएं महसूस की जा रही हैं। बालाघाट, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर और नर्मदापुरम में कम असुविधा हो सकती है।

IMD ने बताया कि राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया है, पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान दमोह और छतरपुर के बिजावर एआरजी में 41 डिग्री सेल्सियस रहा। मंडला में 40.6 डिग्री सेल्सियस, खंडवा के पृथ्वीपुर एआरजी और निवारी में 40.5 डिग्री सेल्सियस और बालाघाट के पाला केवीके में 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

IMD ने कहा कि वर्तमान में, दक्षिण तमिलनाडु से कर्नाटक और विदर्भ से दक्षिण पूर्व मध्य प्रदेश तक हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने कहा कि निकट भविष्य में राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।