देश ही नहीं मध्यप्रदेश में भी फिल्म पठान पर विवाद थमता दिखाई नहीं दे रहा। प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के बाद अब राजधानी भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने फिल्म को लेकर खुली धमकी दी है। सांसद की यह धमकी सोशल मीडिया में वायरल हो रही है। 

सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने दो टूक कहा है कि जब से देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का शासन आया है, तब से हिंदू अपने आप को जागृत अवस्था में महसूस करता है। भारतीय जनता पार्टी और जनता ने भगवा रंग का अपमान करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया है।अब किसी ने भगवा का अपमान किया तो मुंह तोड़ जवाब ही नहीं देंगे बल्कि मुंह तोड़ कर हाथ में रख देंगे।

पठान की गीत बेशर्म रंग में दीपिका पादुकोण की भगवा बिकनी को लेकर सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि, 'भगवा रंग सूर्य का रंग है। भगवा रंग बलिदान का रंग है। भगवा रंग सनातनी और संतों का रंग है। भगवा हमारे देश की आन-बान और शान है। यह राष्ट्रीय ध्वज में भी मौजूद है। भगवा को अपमानित करने की कोशिश की गई तो कोई भी नहीं बचेगा हम उसको नहीं छोड़ेंगे।

धमकी के साथ ही साध्वी प्रज्ञा ठकुर ने पठान फिल्म के बहिष्कार का भी आव्हान किया। सांसद ने कहा कि मैं अपील करती हूं कि इनके पेट पर लात मारें इनके धंधों को उजाड़ दो और इनकी कोई फिल्म मत देखो। ऐसे लोग फिल्म बनाकर यहीं पलते हैं और देश का अपमान करते हैं। जैसे ही इनके पेट पर लात पड़ेगी यह देश से भाग जाएंगे।