JP Nadda In Rajasthan: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज राजस्थान दौरे पर हैं. राजस्थान में इसी साल विधानसभा चुनाव होने है. ऐसे में जेपी नड्डा ने भरतपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा.

पीएम मोदी के 9 साल पूरे होने पर एक महीने का देशव्यापी कार्यक्रम 'महाजनसंपर्क अभियान' चल रहा है. इसके तहत जेपी नड्डा आज राजस्थान के भरतपुर दौरे पर पहुंचे. यहां जनसभा को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा, आज उन लोगों को खतरा हो गया है, जो पार्टियों के नाम पर वंशवाद को चला रहे थे. मोदी ने वंशवाद को समाप्त कर विकासवाद को आगे बढ़ाया है. प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को मजबूत किया. गांव, गरीब, शोषित, वंचित, दलित, किसान, महिला, युवा सबको शक्ति देकर देश को मजबूत किया.

जेपी नड्डा ने बताया, 'प्रधानमंत्री अन्न योजना' के तहत 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है. जिससे कोई भूखा न सोए और इसका परिणाम ये रहा है कि आज IMF कहता है कि भारत की अति गरीबी 1% से कम हो गई है. ये बदलता हुआ भारत है.

उन्होंने आगे कहा, पीएम मोदी ने 'आयुष्मान भारत योजना' के तहत 50 करोड़ लोगों को हर साल गंभीर बीमारियों से लड़ने के लिए 5 लाख रुपये तक का हेल्थ कवर दिया. ये हेल्थ कवर जाति के आधार पर नहीं, गरीबी के आधार पर दिया गया है. 'पीएम किसान सम्मान निधि' से 11 करोड़ किसानों को सालाना 6,000 रुपये दिये जा रहे हैं और ये पैसा किसी बिचौलियों के माध्यम से नहीं डायरेक्ट ट्रांसफर बेनिफिट से सीधे किसानों के बैंक खातों में दिया जा रहा है.

जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर वार करते हुए कहा, जब दुनिया में पीएम मोदी की तारीफ होती है तो यहां कांग्रेस के पेट में मरोड़ होती है. कांग्रेसी कहते हैं कि मोदी बिच्छू है, मोदी सांप है, मोदी चाय बेचने वाला है. लेकिन देश की 140 करोड़ जनता का आशीर्वाद मोदी के साथ है.

राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जेपी नड्डा बोले, गहलोत सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई सरकार है. इन्होंने अपने एक-एक विधायक को भ्रष्टाचार का खुला लाइसेंस दे रखा है और यहां भ्रष्टाचार खुले तरीके से हो रहा है. NCRB की रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान महिलाओं के खिलाफ हो रहे दुष्कर्म के मामलों में नंबर-1 पर खड़ा है, यहां महिलाओं की कोई सुरक्षा नहीं है. सिर्फ परिवारों को बचाने के लिए वोट के खातिर काम कर रहे हैं.

देंखे लाइव: