भोपाल: राज्य के वन विभाग के अंतर्गत कार्यरत ग्रीन इण्डिया मिशन ने केंद्र सरकार को डिण्डौरी में नगर वाटिका बनाने का प्रस्ताव भेजा है। अभी प्रदेश के 11 जिलों में केंद्र सरकार की आर्थिक सहायता से नगर वन बनाये जाये रहे हैं जिसके लिये 10 से लेकर 50 हैक्टेयर भूमि के करीब भूमि चिन्हित की गई है।
चूंकि नगर वाटिका 1 से लेकर 10 हैक्टेयर में ही बनाई जा सकती है और डिण्डौरी में नगर वन बनाने के लिये 10 से 50 हैक्टेयर भूमि उपलब्ध नहीं है, इसलिये वहां नगर वाटिका बनाने का प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया है।
दरअसल केंद्र सरकार ने देशभर में 400 नगर वन एवं 200 नगर वाटिकायें बनाने का लक्ष्य रखा है और इसकी योजना जारी कर दी है। यह योजना नगरीय क्षेत्रों का पर्यावरण सुधारने के लिये बनाई गई है।
तकनीकी सलाहकार रखा जायेगा:
वन विभाग का ग्रीन इण्डिया मिशन प्रदेश में नगर वनों एवं नगर वाटिका का रखरखाव करने के लिये एक तकनीकी सलाहकार रखने जा रही है। इसे 40 हजार रुपये प्रति माह मानदेय दिया जायेगा। ऐसा इसलिये किया जा रहा है क्योंकि एमपी ग्रीन इण्डिया मिशन में स्टाफ की कमी है। यह सलाहकार वानिकी विषयों का ज्ञाता होगा। इसके लिये ग्रीन इण्डिया मिशन ने एक्सप्रेशन ऑफ इंट्रेस्ट जारी कर दिया है।