राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस, गौहर महल में होगा फैशन शो, कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री जायसवाल होंगे मुख्य अतिथि


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज इंदौर और भोपाल के सहयोग से आयोजित होने वाले इस शो में मध्यप्रदेश की पारंपरिक बुनाई शैलियों चंदेरी, महेश्वरी, बाग प्रिंट आदि पर आधारित परिधानों का प्रदर्शन करेंगी..!!

गौहर महल में आयोजित सावन मेले में 11वें राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस का आयोजन 7 अगस्त को किया जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस उत्सव का विशेष आकर्षण का केन्द्र फैशन शो रहेगा। महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज इंदौर और भोपाल के सहयोग से आयोजित होने वाले इस शो में मध्यप्रदेश की पारंपरिक बुनाई शैलियों चंदेरी, महेश्वरी, बाग प्रिंट आदि पर आधारित परिधानों का प्रदर्शन करेंगी। यह फैशन शो आधुनिकता और परंपरा के संगम को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेगा। फैशन शो शाम 7 बजे शुरू होगा।

यह विशेष आयोजन प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग तथा भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य पारंपरिक हाथकरघा संस्कृति को प्रोत्साहित करना और बुनकरों के अमूल्य योगदान को सम्मान देना है। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए पारंपरिक बुनकरों को सम्मानित किया जाएगा , जिन्होंने वर्षों से हाथकरघा परंपरा को जीवित बनाए रखा है।

तीन दिनों तक होंगी विशेष गतिविधियां..

इस अवसर पर मध्यप्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल मुख्य अतिथि होंगे। तीन दिवसीय उत्सव के दौरान युवा, स्टार्टअप, फ्यूज़न, वेबकॉमर्स, हैकेथॉन, न्यू सैंपल्स, सोशल मीडिया, टेक्नोलॉजी, मॉडर्न ट्रेंड्स पर आधारित गतिविधियां होगी। आयोजन में 8 अगस्त को सांस्कृतिक संध्या के साथ संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता को रेखांकित किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस हर वर्ष 7 अगस्त को मनाया जाता है। वर्ष 2015 में इसी दिन भारत सरकार ने हाथकरघा क्षेत्र के महत्व को रेखांकित करते हुए इसे मान्यता दी थी। यह दिन स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक प्रेरक कदम माना जाता है।