बुधनी में राष्ट्रीय कृषि उदय एक्सपो, कृषि मंत्री शिवराज करेंगे शुभारंभ


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

10 हजार किसान होंगे आधुनिक खेती-नवाचारों-तकनीक से रूबरू..!!

Bhopal: कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्रीय कृषि मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान बुधनी में 22 से 24 मार्च 2026 तक तीन दिवसीय ‘राष्ट्रीय कृषि उदय एक्सपो 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की कृषि प्रदर्शनी का शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह करेंगे। तीन दिवसीय इस प्रदर्शनी में देश-विदेश की प्रमुख ट्रैक्टर निर्माण कंपनियां, कृषि यंत्र निमार्ता, स्टार्टअप्स, सरकारी संस्थान, कृषि वैज्ञानिक तथा कृषि उद्योग क्षेत्र के प्रतिनिधि भाग लेंगे। प्रदर्शनी में आधुनिक कृषि मशीनरी, ड्रोन तकनीक, माइक्रो-इरिगेशन, उन्नत बीज, ग्रीन हाउस तकनीक, जैविक खेती से संबंधित उपकरणों तथा अन्य आधुनिक कृषि समाधानों का प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम में देशभर से 10,000 से अधिक किसानों के शामिल होने की संभावना है।

200 से अधिक प्रदर्शक होंगे शामिल

इस एक्सपो में लगभग 200 से अधिक प्रदर्शकों के भाग लेने की संभावना है। इनमें लगभग 20 प्रमुख ट्रैक्टर निर्माता कंपनियां, 25 कृषि मशीनरी निमार्ता कंपनियां, विभिन्न राज्य सरकारों के विभाग, स्वयंसेवी संस्थाएं, स्टार्टअप्स तथा कृषि क्षेत्र से जुड़े अन्य हितधारक शामिल होंगे। इस आधुनिक तकनीकों और कृषि यंत्रों का प्रदर्शन

एक्सपो के दौरान आधुनिक कृषि यंत्रों का लाइव प्रदर्शन, कृषि ड्रोन का प्रदर्शन, तकनीकी सत्र, विचार-विमर्श बैठक तथा किसानों के लिए मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही कृषि क्षेत्र में नवाचार और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए 15 से 20 संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन भी किए जाएंगे।

महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास पर जोर

इस कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास पर विशेष जोर दिया जाएगा, जिसमें संस्थान में प्रशिक्षित महिला उद्यमियों को अपनी सफलता की कहानियां साझा करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त संस्थान की रिवैंपिंग योजना की शुरूआत, नई अवसंरचनाओं का उद्घाटन तथा एकीकृत कृषि प्रणाली परियोजना की आधारशिला भी रखी जाएगी।

ग्रामीण रोजगार सृजन की नई दिशा

केंद्रीय कृषि मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान के निदेशक बी एम नांदेडे के मुताबिक राष्ट्रीय कृषि उदय एक्सपो  किसानों, उद्योगों और अनुसंधान संस्थानों के बीच समन्वय बढ़ाने तथा नई तकनीकों को खेत तक पहुंचाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। साथ ही यह आयोजन कृषि क्षेत्र में नवाचार, कौशल विकास और ग्रामीण रोजगार सृजन को भी नई दिशा प्रदान करेगा।