कांग्रेस पर भड़के CM शिवराज, बोले उस समय मुंह पर ताला क्यों नहीं लगाया जब


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

राहुल गांधी की सदस्यता ख़त्म करने के विरोध में मध्य प्रदेश कांग्रेस की ओर से भी विरोध प्रदर्शन जारी है..!

राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द किए जाने के बाद से देशभर में राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। देश भर में इसके ख़िलाफ कांग्रेस विरोध प्रदर्शन कर रही है। राहुल गांधी की सदस्यता ख़त्म करने के विरोध में मध्य प्रदेश कांग्रेस की ओर से भी विरोध प्रदर्शन जारी है।

मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस के कार्यकर्ता "मुंह पर ताला" लगाकर राहुल गांधी को लोकसभा से बर्खास्त करने को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जमकर निशाना साधा है।

सीएम शिवराज सिंह चौहान का कहना है, कि आज कांग्रेस के लोग मुंह पर ताला लगाकर बैठे हैं। राहुल गांधी जी, आपने उस समय अपने मुंह पर ताला क्यों नहीं लगाया, जब आपने मोदी जी, मोदी जाति के बारे में अपमानजनक बातें कही? आपने ओबीसी का अपमान किया। आपको ओबीसी के अपमान का हक किसने दिया? क्या पिछड़े वर्ग में पैदा होना पाप है?

सीएम ने कहा कि राहुल गांधी जब आपने न्यायपालिका का अपमान किया है तो यह ताला आपके मुंह पर लगा देना चाहिए।आपने कहा कि मैं दुर्भाग्य से सांसद हूं। संसद का अपमान किया। संसद के सदस्य के रूप में जब आपने कुछ कहा तो पूरे भारत ने देखा कि आपके कैसे संसद में आंख मारी थी। क्या यही एक सांसद की गरिमा है?

वहीं दूसरी ओर संसद की सदस्यता गंवाने के बाद राहुल गांधी ने शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। इस दौरान उन्होंने बीजेपी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने मोदी-अडाणी के रिश्तों पर सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि ये OBC का मामला नहीं है, ये नरेंद्र मोदी और अडानी के रिश्ते का मामला है। भाजपा ध्यान को भटकाने का काम करती है, कभी OBC की बात करेगी, कभी विदेश की बात करेगी। मुझे फर्क नहीं पड़ता की मैं संसद के अंदर हूं या बाहर हूं। मुझे अपनी तपस्या करनी है, मैं उसे करके दिखाऊंगा।