NIA ने एक बार फिर से भोपाल में छापेमारी की है। इस बार की कारवाई में जमात-उल-मुजाहिदीन (JMB) के संदिग्ध आतंकवादियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है। ये एक महीने में दूसरा ऐसा मौका है जब एनआईए ने भोपाल या उसके आसपास संदिग्ध आतंकियों की धरपकड़ की है। पिछली बार रायसेन से दो युवकों को पकड़ा  गया था, जिन्हें पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया था।  
 
एनआईए ने दोनों आतंकियों को भोपाल के ईटखेड़ी इलाके से पकड़ा है। इन आरोपियों के नाम हमीदुल्ला उर्फ राजू गाजी और मोहम्मद सहादत हुसैन है। दोनों मूल रूप से बांग्लादेश के रहने वाले है। दोनों पर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विभिन्न समूहों में ऑनलाइन घृणित और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने और  जेहाद के प्रचार-प्रसार में शामिल होने के सबूत मिले हैं। ये आरोपी बांग्लोदश और भारत में अपने सहयोगियों से बात करने के लिए एन्क्रिप्टेड ऐप का इस्तेमाल करते थे। आरोपी इससे पहले भोपाल में एशबाग में गिरफ्तार जमात-ए-मुजाहिदीन से जुड़े आतंकियों के करीबी और सहयोगी है। 

इससे पहले भी मध्य प्रदेश एसटीएफ भोपाल ने 14 मार्च 2022 को केस दर्ज कर एशबाग से संदिग्ध आतंकियों को पकड़ा था। इसके बाद 5 अप्रैल को एनआईए ने केस अपने हाथ में लेकर दोबारा एफआईआर की थी। इस केस में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इसमें तीन बांग्लोदशी थे। अभी तक की जांच में सामने आया है कि ये आतंकी JMB  की विचारधारा का प्रचार करने और युवाओं को भारत के खिलाफ जेहाद करने के लिए भड़काने में शामिल पाए गए हैं।