भोपाल: राज्य के वन विभाग के अंतर्गत कार्यरत राज्य लघु वनोपज संघ में अब रिक्त पदों पर संविदा नियुक्ति नहीं होगी बल्कि आउटसोर्स से ये पद भरे जायेंगे। संघ के प्रशासक एवं एसीएस अशोक बर्णमाल की अध्यक्षता में संघ के संचालक मंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया है।

दरअसल संघ में कुल 513 पद स्वीकृत हैं जिनके विरुध्द 218 अधिकारी-कर्मचारी ही नियुक्त हैं जिनमें से 16 कर्मचारी इस साल के अंत तक रिटायर हो जायेंगे। कुल 295 पद रिक्त हैं। संघ ने सीधी भर्ती के स्वीकृत संदेशवाहक के 62, वाहन चालक के 33, सहायक ग्रेड-3 के 29 तथा डाटा एन्ट्री आपरेटर के 7 कुल 131 रिक्त पदों पर संविदा से नियुक्ति का प्रस्ताव तैयार किया था परन्तु संचालक मंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को अमान्य किया गया तथा आउटसोर्स से रिक्त पदों को भरने का निर्णय लिया गया। 

आउटसोर्स से चयन के लिये एक पद के विरुध्द 4 कर्मचारियों का पैनल तैयार होगा तथा संघ के एमडी के माध्यम से आटसोर्स से कर्मचारी रखने का निर्णय होगा। इनमें मुख्यालय एवं जिला यूनियनों दोनों में आउटसोर्स से कर्मचारी रखे जायेंगे। जबकि सीधी भर्ती के रिक्त पदों पर भर्ती हेतु मप्र कर्मचारी चयन मंडल को लिखा गया है लेकिन इस भर्ती प्रक्रिया के पूर्ण होने तक आउटसोर्स पर कर्मचारी रखे जायेंगे।