मध्यप्रदेश में अब भगवान चित्रगुप्त के प्राकट्य पर्व पर ऐच्छिक अवकाश रहेगा। मुखयमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह घोषणा की है। प्रदेश में लम्बे समय से भगवान चित्रगुप्त के प्राकट्य पर्व पर ऐच्छिक अवकाश की मांग की जा रही थी जिसे अब स्वीकार कर लिया गया है।
मुख्यमंत्री शिवराज ने सोशल मीडिया पर जानकीरी देते हुए बताया कि कैबिनेट में मेरे साथी विश्वास सारंग और अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील श्रीवास्तव सहित कायस्थ महासभा के प्रतिनिधिगण ने भगवान चित्रगुप्त जी के प्राकट्य उत्सव पर्व पर ऐच्छिक अवकाश देने का अनुरोध किया है। अब से मध्यप्रदेश में भगवान चित्रगुप्त जी के प्राकट्य उत्सव, गंगा सप्तमी के दिन मध्यप्रदेश शासन द्वारा ऐच्छिक अवकाश रहेगा।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी मुख्यमंत्री शिवराज की इस घोषणा पर आभार जताया है। उन्होंने लिखा- जनभावना व आस्था को ध्यान में रखकर भगवान चित्रगुप्त जी के प्राकट्य उत्सव पर्व पर राज्य में ऐच्छिक अवकाश की घोषणा करने के लिए माननीय मुख्यमंत्री शिवराज जी का धन्यवाद व भगवान चित्रगुप्त में आस्था रखने वाले सभी भाई बहनों को बधाई।