अब कॉलेज परिसर के दस स्थानों पर आत्महत्या रोकने संबंधी वाल पेंटिंग करना होगी


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

इसके निर्देश राज्य के उच्च शिक्षा आयुक्त ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त पूर्व न्यायाधीश एस रवीन्द्र भट की अध्यक्षता में गठित टास्क फोर्स के सिलसिले में जारी किये हैं। वाल पेंटिंग में उच्च शिक्षा विभाग एवं कॉलेज का लोगो तथा कॉलेज का नाम होगा..!!

भोपाल: राज्य के सभी कॉलेजों के परिसर में दस स्थानों पर आत्महत्या रोकने संबंधी वाल पेंटिंग करना होगी। इसके निर्देश राज्य के उच्च शिक्षा आयुक्त ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त पूर्व न्यायाधीश एस रवीन्द्र भट की अध्यक्षता में गठित टास्क फोर्स के सिलसिले में जारी किये हैं। वाल पेंटिंग में उच्च शिक्षा विभाग एवं कॉलेज का लोगो तथा कॉलेज का नाम होगा और लिखा जायेगा कि विद्यार्थियों को सूचित किया जाता है कि यदि आप या आपका कोई साथी तनाव, अवसाद, चिंता या अन्य कोई भी मानसिक स्थिति से परेशान है तो इन हेल्पलाईन नंबरों पर सम्पर्क कर सकते हैं- डायल-112, टेली-मानस-14416 तथा उमंग टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14425 और अंत में कॉलेज के प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी का मोबाइल नंबर अंकित करना होगा। 

जिन कॉलेजों में 100 या इससे अधिक विद्यार्थी नामांकित हैं, वहां कम से कम एक योग्य परामर्शदाता, मनोवैज्ञानिक अथवा सामाजिक कार्यकर्ता नियुक्त करना होगा जबकि जिन कॉलेजों में विद्यार्थियों की संख्या कम है वहां बाहरी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ के साथ औपचारिक रेफरल व्यवस्था स्थापित करना होगी। इसके अलावा, शैक्षणिक संस्थानों में प्रत्येक 25 से 40 विद्यार्थियों पर एक गार्जियन ट्यूटर नियुक्त करना अनिवार्य होगा जिसका कार्य विद्यार्थियों की उपस्थिति की निगरानी करना, परीक्षा परिणाम का विश्लेषण करना, कमजोर विद्यार्थियों की पहचान एवं मार्गदर्शन तथा उन्हें शैक्षणिक सलाह देना तथा विद्यार्थियों से नियमित संवाद करना होगा।