अब पोर्टल पर दर्ज होगी मान्यता प्राप्त NGO की डिटेल


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

विभाग ने एमपी इलेक्ट्रानिक विकास निगम के सहयोग से ऑनलाईन वेलफेयर इन्स्टीट्यूशन मेनेजमेंट प्रणाली विकसित की है। इससे इन एनजीओ का ऑनलाईन पंजीयन, मॉनिटरिंग, कर्मचारियों एवं हितग्राहियों की जानकारी प्राप्त हो सकेगी।

भोपाल।राज्य के सामाजिक न्याय विभाग के अंतर्गत वृध्दाश्रम, नशामुक्ति केंद्र एवं विशेष विद्यालयों का संचालन करने वाली मान्यता प्राप्त अशासकीय संस्थाओं यानि एनजीओ की डिटेल अब विभागीय पोर्टल पर दर्ज होगी। इसके लिये विभाग ने एमपी इलेक्ट्रानिक विकास निगम के सहयोग से ऑनलाईन वेलफेयर इन्स्टीट्यूशन मेनेजमेंट प्रणाली विकसित की है। इससे इन एनजीओ का ऑनलाईन पंजीयन, मॉनिटरिंग, कर्मचारियों एवं हितग्राहियों की जानकारी प्राप्त हो सकेगी।


उक्त नवीन पोर्टल के बारे में सामाजिक न्याय विभाग के आयुक्त डा. ई. रमेश कुमार ने अपने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को जानकारी भेजते हुये कहा है कि पोर्टल के माध्यम से एनजीओ की डिटेल दर्ज की जाये।


पोर्टल पर एनजीओ को मेम्बर्स डिटेल में दो पदों यथा सचिव एवं कोषाध्यक्ष एवं कम से कम एक सदस्य की जानकारी दर्ज करना अनिवार्य होगा। यदि एक एनजीओ की एक से अधिक संस्थायें संचालित हैं तो हर संस्था की अलग-अलग प्रविष्टि पोर्टल पर करना होगी। पहले से मान्यता प्राप्त संस्था को राशि का भुगतान नहीं करना होगा। सभी एनजीओ को पोर्टल पर डिटेल डालने के लिये पन्द्रह दिन का समय दिया गया है।