भोपाल: प्रदेश में अब ग्रामीणजनों को अनधिकृत वित्तीय संस्थाओं में प्रलोभन में आकर धन जमा करने से रोका जायेगा। इसके लिये संचालक पंचायत अमरपाल सिंह ने सभी जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश जारी किये हैं।
जारी निर्देश में कहा गया है कि ग्रामीणजन किसी अनधिकृत संस्था में अपना पैसा जमा न करें, इस हेतु जनजागरण अभियान चलाने की आवश्यक्ता है। त्रिस्तरीय पंचायतों की बैठकों में इस बाबत चर्चा कर सुनियोजित कार्ययोजनायें बनाई जायें तथा इस हेतु जन जागरण अभियान संचालित किया जाये ताकि ग्रामीणजन अनधिकृत संस्थाओं में पैसा जमा न करायें।
इस विषय को ग्राम सभाओं की बैठकों के स्थाई एजेण्डे के रुप में सम्मिलित किया जाये ताकि ग्रामीणजन सचेत रहें और किसी भी प्रकार के धोखे, प्रलोभन अथवा आर्थिक हानि से सुरक्षित रहें।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के पास पिछले कई अर्से से चिटफण्ड सहित अनेक ऐसी अनधिकृत संस्थाओं की शिकायतें आ रही हैं जिसमें ग्रामीणजनों ने अपना धन लगाया परन्तु बाद में वह संस्था भाग गई और ग्रामीणों का धन डूब गया।