कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' 2 मार्च को मध्यप्रदेश में एंट्री करेगी। मध्यप्रदेश में न्याय यात्रा मुरैना से प्रवेश करेगी और छह मार्च तक प्रदेश में रहेगी। वहीं राहुल गांधी की न्याय यात्रा के मध्यप्रदेश में प्रवेश से पहले पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बड़ी बात कही है।
भाजपा में जाने की अटकलों पर लगे विराम के बाद कमलनाथ ने एक बार फिर कांग्रेस के साथ प्रतिबद्धता दोहराई है। कमलनाथ ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर लिखा कि हमारे नेता श्री राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कल 2 मार्च को मुरैना से मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। मैं मध्य प्रदेश की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान करता हूं कि वह बड़ी से बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल हों और हिंदुस्तान के साथ न्याय की आवाज बुलंद करें।
कमलनाथ ने न्याय यात्रा को भारत के सभी वर्गों को न्याय देने की यात्रा बताया। साथ ही कहा कि यह जन जागरण और नया भारत रचने के सपने की यात्रा है।
देश में बड़े पैमाने पर फैलती बेरोजगारी, किसानों के साथ हो रहे अन्याय, दलित पिछड़े और आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार और देश में चल रही लोकतंत्र खत्म करने की कोशिशों के खिलाफ यह यात्रा निकाली जा रही है।
बता दें कि दो मार्च को न्याय यात्रा मुरैना से शुरु होगी। मुरैना में राहुल गांधी का रोड शो एवं स्वागत कार्यक्रम होगा। मुरैना में ही राहुल गांधी का संबोधन भी होगा। तीन मार्च को गांधी की यात्रा अग्निवीर पूर्व सैनिक संवाद के साथ शुरू होगी। इसके बाद ये यात्रा शिवपुरी के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरेगी। अगले दिन चार मार्च को यात्रा गुना जिले से शुरु होगी। गुना जिले के राघौगढ़ में रोड शो होगा। शाम को राजगढ़ जिले में गांधी किसानों से संवाद करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस के मुताबिक़ पांच मार्च को यात्रा राजगढ़ के पचौर और सारंगपुर से उज्जैन जिले के मक्सी में प्रवेश करेगी। इसी दिन राहुल गांधी उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करेंगे। शाम को उज्जैन में युवा अधिकार रैली आयोजित की जाएगी।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत गांधी छह मार्च को सुबह बड़नगर में महिला संवाद कार्यक्रम के बाद रोड शो करेंगे। यात्रा दोपहर लगभग 3 बजे रतलाम जिले में पहुंचेगी और शाम को सैलाना में प्रवेश करने के बाद यहां से आगे प्रवेश कर जाएगी।