प्रदेश के लोगों में देशभक्ति की भावना जगाने और वीर सैनिकों को सम्मान देने के उद्देश्य से इस वर्ष 14 अगस्त को भोपाल में 32 किलोमीटर लंबी विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा कोलार स्थित मदर टेरेसा स्कूल से शुरू होकर संत हिरदाराम नगर, बैरागढ़ तक जाएगी। यात्रा का आयोजन हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा की संस्था कर्मश्री द्वारा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी इसमें शामिल होंगे।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से नागरिकों को देश के वीर सैनिकों की शौर्यगाथा से जोड़ना, 'हर घर तिरंगा' अभियान को जन-जन तक पहुँचाना और अखंड भारत के संकल्प को दोहराना है। यात्रा में 40 हज़ार से ज़्यादा वाहन शामिल होंगे, जिनमें दोपहिया और चार पहिया वाहन शामिल हैं।
विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि इस वर्ष की तिरंगा यात्रा देश के दो प्रमुख सैन्य अभियानों- ऑपरेशन सिंदूर और ऑपरेशन महादेव को समर्पित होगी। इन अभियानों में भारतीय सेना ने दुश्मनों को मुँहतोड़ जवाब देकर वीरता का परिचय दिया था। शर्मा ने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से देश के वीर सैनिकों को नमन किया जाएगा और नागरिकों में देशभक्ति का संचार किया जाएगा।
सोमवार को विधायक रामेश्वर शर्मा और नगर निगम, पुलिस एवं यातायात विभाग के अधिकारी यात्रा से पूर्व तैयारियों का जायजा लेने कोलार रोड स्थित मदर टेरेसा स्कूल पहुँचे। अधिकारियों ने यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया और यात्रा के दौरान यातायात परिवर्तन की व्यवस्था पर चर्चा की।