धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर जनजातीय संस्कृति और गौरव को समर्पित ‘‘जनजातीय गौरव पखवाड़ा’’ के अंतर्गत रविवार को झाबुआ में जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने जिला कलेक्टर नेहा मीना की उपस्थिति में इस रथ को रवाना किया, जो जिले के विभिन्न गांवों और नगरों में भ्रमण कर जनजातीय महानायकों की गाथा जन-जन तक पहुँचाएगा।
रथ में भगवान बिरसा मुंडा, टंट्या मामा, शंकरशाह–रघुनाथ शाह, रानी दुर्गावती, शहीद भीमा नायक, माता शबरी सहित अनेक जनजातीय वीर-वीरांगनाओं के जीवन परिचय, उनके संघर्षों और योगदान की झलकियाँ प्रदर्शित की जा रही हैं। यह रथ लोगों को अपनी गौरवशाली परंपरा और इतिहास से जोड़ने का माध्यम बनेगा।
मंत्री भूरिया ने कहा कि जनजातीय नायकों के अदम्य साहस और बलिदान से नई पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। जनजातीय गौरव पखवाड़ा समाज की एकता और सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करने का पर्व है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जितेन्द्र सिंह चौहान, महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी आर.एस. बघेल, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
पुराण डेस्क