देवास के नेमावर में नदी से शव को निकालने में जान गंवाने वाले थाना प्रभारी राजाराम के परिवार को एक करोड़ की सम्मान निधि दी जाएगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह घोषणा की। थाना प्रभारी राजाराम का अंतिम संस्कार सोमवार को राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को सम्मान निधि की घोषणा करते हुए कहा कि अत्यंत दुःखद है कि बड़वानी जिले के हमारे टीआई राजाराम वास्कले जी अपने कर्तव्य की पूर्ति करते हुए जामनेर नदी में शव निकालने के दौरान दुर्भाग्य से भंवर में फंस गए और अब हमारे बीच नहीं रहे।
स्वर्गीय वास्कले जी का परिवार अब मेरा परिवार है, हमने फैसला किया है कि प्रशासन की ओर से वास्कले जी के परिवार को 1 करोड़ रुपए की सम्मान निधि दी जाएगी एवं राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
बता दे कि देवास जिले के नेमावर में नदी से शव को निकालने के दौरान थाना प्रभारी खुद हादसे का शिकार हो गए थे। शव निकालने के दौरान टीआई राजाराम वास्कले भी जामनेर नदी के पास बने स्टॉप डैम में डूब गए थे। जिनको टीम की मदद से बाहर निकाला गया। उन्हें तुरंत आनन-फानन में हरदा जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी मौत हो गई थी।