भोपाल। एम सेण्ड यानी मेकेनिकल सेण्ड अर्थात यांत्रिक क्रिया द्वारा पत्थरों से रेत बनाने का लाइसेंस लेने के लिये अब राज्य के खनिज विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। 

उल्लेखनीय है कि प्राकृतिक रेत पर निर्भरता खत्म करने के लिये गौण खनिज में यह नवीन व्यवस्था की गई है। अन्य खनिजों के उत्खनन में काफी पत्थर निकलते हैं जो अनुपयोगी पड़े रहते हैं तथा इन्हें यांत्रिक क्रिया द्वारा एम सेण्ड बनाई जा सकती है। यह एम सेण्ड भी निर्माण कार्यों में उपयोगी होती है।

इस संबंध में खनिज विभाग द्वारा बताया गया है कि गत 4 मई 2022 को एम सेण्ड का प्रावधान किया गया था परन्तु उस समय इसका लाइसेंस लेने के लिये उस समय ऑनलाइन व्यवस्था नहीं हो पाई थी जिससे अनेक आवेदक आवेदन प्रस्तुत करने से वंचित रह गये थे। लेकिन अब यह ऑनलाइन व्यवस्था शुरु कर दी गई है।