भोपाल: विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं। पार्टी हाईकमान ने भोपाल इंदौर और खंडवा जिले के अध्यक्षों को मनोनीत यह संकेत दे दिए हैं कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की एकतरफा नहीं चलेगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हस्तक्षेप के बाद भोपाल, इंदौर और खंडवा जिलों के अध्यक्षों का फैसला हो पाया है।
भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के आगे पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी फेल हो गए तो इंदौर और खंडवा जिला अध्यक्षों के फैसले भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की मनमर्जी से नहीं हो पाए। पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने अपने राजनीतिक गुरु दिग्विजय सिंह के जरिए इंदौर जिलाध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा को बनवाने में कामयाब रहे।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने मध्य प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों भोपाल, इंदौर और खंडवा के जिला अध्यक्षों का फैसला करते हुए गुरुवार को सात नेताओं की नियुक्ति के आदेश जारी किए। भोपाल में पूर्व केंद्रीय सुरेश पचौरी के समर्थक कैलाश मिश्रा को आखिरकार हटा दिया गया है जबकि पचौरी उन्हें कंटीन्यू करने के लिए अड़े थे। मिश्रा की जगह भोपाल शहर अध्यक्ष के लिए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए थे और उन्होंने दिल्ली दरबार से अपने समर्थक मोनू सक्सेना को अध्यक्ष बनवा लिया है।
इंदौर में कमलनाथ की नहीं चली -
इंदौर में जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष के चयन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की नहीं चली। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समर्थक सुरजीत सिंह चड्ढा को मिल गई है। राजनीतिक पंडित मान रहे हैं कि सुरजीत सिंह चड्ढा को पूर्व मंत्री जीतू पटवारी अपने राजनीतिक गुरु दिग्विजय सिंह के जरिए जिला अध्यक्ष बनवाने में सफल रहे।
यहां कुछ महीने पहले अरविंद बागड़ी को जिला अध्यक्ष बनाया गया था लेकिन इंदौर से लेकर भोपाल तक विरोध होने की वजह से कुछ घंटे में ही उनके आदेश पर रोक लगा दी गई थी। इसके बाद यहां के प्रभारी महेंद्र जोशी को शहर कांग्रेस अध्यक्ष का प्रभार भी दे दिया गया था। जोशी पचौरी समर्थक हैं।
खंडवा में यादव अपने ग्रामीण अध्यक्ष को बनाने में सफल-
वहीं, खंडवा में जिला शहर और ग्रामीण अध्यक्ष की नियुक्ति पूर्व पीसीसी चीफ अरुण यादव को पचास फीसदी कामयाबी मिली है। यादव समर्थक अजय ओझा को ग्रामीण का अध्यक्ष बनाया है लेकिन उनके दूसरे समर्थक मोहन दाकसे को शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनाने में वे असफल रहे हैं। खंडवा शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मिश्रा को बनाया गया है जो सुरेश पचौरी समर्थक बताए जाते हैं। उनका नाम वहां के प्रभारी और पचौरी समर्थक कैलाश कुंडल ने आगे बढ़ाया था।
नेताओं को प्रदेश कार्यकारिणी में जगह-
एआईसीसी ने भोपाल, इंदौर व खंडवा जिला कांग्रेस के नेताओं प्रदेश कार्यकारिणी में जगह दी गई है। भोपाल के कैलाश मिश्रा, इंदौर शहर में कुछ घंटे अध्यक्ष की कुर्सी संभालने वाले अरविंद बागड़ी व विशाल अग्निहोत्री और खंडवा के मनोज भारतकर को महासचिव बनाया गया है।