पाकिस्तान ने खर्च कटौती अभियान के तहत अब पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में दर्शकों की स्टेडियम में एंट्री नहीं होगी। इसके साथ ही टूर्नामेंट के सभी मैच सिर्फ लाहौर और कराची में खेले जाएंगे।
26 मार्च से शुरू होने वाली लीग की ओपनिंग सेरेमनी भी रद्द कर दी गई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्डके चेयरमैन मोहसिन नकवी ने बताया कि इस पर प्रधानमंत्री और सुरक्षा एजेंसियों के साथ चर्चा के बाद निर्णय लिया गया। नकवी ने कहा कि सरकार ने मौजूदा आर्थिक स्थिति को देखते हुए लोगों की आवाजाही सीमित रखने की सलाह दी है। ऐसे में स्टेडियम में हजारों दर्शकों को लाना सही नहीं था, इसलिए मैच खाली स्टेडियम में कराने का फैसला किया गया।
दरअसल, ईरान जंग के कारण पूरे एशिया में तेल संकट गहरा गया है। कच्चे तेल के रेट दोगुने होने से पाकिस्तान सरकार को पेट्रोल-डीजल महंगा पड़ रहा है, लेकिन सरकार ने इसके मुताबिक रेट नहीं बढ़ाए हैं, जिससे बढ़ी कीमतों का असर सरकारी खजाने पर पड़ रहा है।
पहले 6 वेन्यू डिसाइड हुए थे
पहले पीएसएल के मैच 6 शहरों में होने थे, लेकिन अब यात्रा और संसाधनों को कम करने के लिए इसे सिर्फ दो शहरों तक सीमित कर दिया गया है। फैसलाबाद, पेशावर और रावलपिंडी समेत अन्य शहरों में होने वाले मैच रद्द कर दिए गए हैं। नकवी ने पेशावर के लोगों से माफी भी मांगी और भविष्य में वहां मैच कराने का भरोसा दिया।
दर्शकों के बिना मैच होने से फ्रेंचाइजी को होने वाले नुकसान की भरपाई पीसीबी करेगा। नकवी ने कहा कि टिकट से होने वाली कमाई फ्रेंचाइजी के लिए अहम होती है, इसलिए बोर्ड इस नुकसान को कम करने की कोशिश करेगा। पहले से खरीदे गए सभी टिकट 72 घंटे के भीतर रिफंड किए जाएंगे।
नकवी ने फैंस से इसके लिए माफी भी मांगी। उन्होंने यह भी बताया कि सुरक्षा के लिहाज से सभी इंतजाम अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार हैं और खिलाड़ियों के आने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। फ्रेंचाइजी, स्पॉन्सर्स ने भी टूनार्मेंट कराने के फैसले का समर्थन किया है।
पुराण डेस्क